• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

रुद्रपुर में इंदिरा चौक बना ‘त्रिशूल चौक’

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

रुद्रपुर, उत्तराखण्ड  

देवभूमि उत्तराखण्ड में आस्था और संस्कृति का विशेष महत्व है। यहां हर नगर और स्थान किसी न किसी आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा हुआ है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए रुद्रपुर शहर में एक नई पहल की गई है, जो विकास के साथ-साथ अध्यात्म का संदेश भी देती है। जी हां , रुद्रपुर के इंदिरा चौक का नाम अब बदलकर त्रिशूल चौक कर दिया गया है। यहां भव्य और चमचमाता हुआ पीतल का विशाल त्रिशूल स्थापित किया गया है। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बने इस चौक का उद्देश्य केवल सुंदरीकरण नहीं है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना भी है।  

बता दें महापौर विकास शर्मा की पहल पर 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसके नाम परिवर्तन की औपचारिक घोषणा करेंगे। ऊधम सिंह नगर एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। ऐसे में रुद्रपुर, जिसे राजा रुद्र की नगरी भी कहा जाता है, उसके प्रवेश द्वार पर भगवान शिव के प्रतीक त्रिशूल की स्थापना यह संदेश देती है कि समग्र विकास के लिए आर्थिक के साथ-साथ अध्यात्मिक विकास भी आवश्यक है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि ‘त्रिशूल चौक’ रुद्रपुर को नई पहचान देगा और शहर की सांस्कृतिक विरासत को और सशक्त बनाएगा। यह पहल शहर के विकास के साथ उसकी आध्यात्मिक छवि को भी मजबूत करने का प्रयास है।