बरेली, उत्तर प्रदेश
आज के समय में भी कुछ लोग ऐसे है जो समाज में जहर घोलने और माहौल बिगाड़ने की कोशिशों में लगे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बरेली से एक सामने आया है, जहाँ कुछ युवकों की एक शर्मनाक हरकत ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार की है। जहां रविवार दोपहर करीब 10 से 15 युवक क्रिकेट खेलने के बाद 7 अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर निकले। आरोप है कि मदारी पुलिया के पास इन युवकों ने जानबूझकर माहौल खराब करने के लिए 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए। यह पूरी करतूत पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ये युवक एक जुलूस की शक्ल में सड़कों पर हुड़दंग कर रहे हैं। जब वहां के एक स्थानीय निवासी विकास ने उन्हें रोकना चाहा, तो इन युवकों ने सुधरने के बजाय उन्हे अपशब्द और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार, मामले की गहराई से जांच की जा रही है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें बालिग और नाबालिग दोनों शामिल हैं। वहीं, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस घटना से पहले किसी व्यक्ति ने इन युवकों को इकट्ठा किया था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे कोई बड़ी योजना तो नहीं थी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



