• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

नोएडा में ‘ऑपरेशन फास्ट’ की शुरुआत, एंबुलेंस को मिलेगा 24 घंटे ट्रैफिक सहयोग

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नोएडा, उत्तर प्रदेश

 

 

मेडिकल इमरजेंसी में हर एक मिनट कीमती होता है। ऐसे में ट्रैफिक जाम की वजह से मरीज को अस्पताल पहुंचने में देरी न हो, इसके लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ‘ऑपरेशन फास्ट’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत एंबुलेंस को जाम से निकालने और अस्पताल तक जल्द पहुंचाने के लिए 24 घंटे ट्रैफिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

 

पुलिस ने ट्रैफिक सहायता के लिए 9218891716 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। गंभीर मरीज या सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को लेकर जा रही एंबुलेंस के चालक, अस्पताल का कंट्रोल रूम या इमरजेंसी डिस्पैचर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम में एक विशेष एंबुलेंस ट्रैफिक सहायता सेल बनाया जा रहा है। एंबुलेंस की लोकेशन, अस्पताल का पता और जाने वाले रास्ते की जानकारी मिलते ही संबंधित चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया जाएगा।

 

बता दें, ऑपरेशन फास्ट के तहत ट्रैफिक पुलिस प्रमुख चौराहों पर पहले से व्यवस्था करेगी, ताकि एंबुलेंस को रास्ता मिलने के लिए इंतजार न करना पड़े। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक सिग्नल में अस्थायी बदलाव किया जाएगा और दूसरे वाहनों को नियंत्रित कर एंबुलेंस के निकलने का रास्ता बनाया जाएगा। इसके अलावा शहर में लगे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए भी लोगों से एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील की जाएगी। एंबुलेंस के आगे बढ़ने के साथ ही अगले चौराहों पर भी पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया जाएगा, जिससे बार-बार जाम में फंसने की समस्या कम हो सके।

 

इस पहल को शुरू करने से पहले पुलिस ने इसका ट्रायल किया। व्यस्त ट्रैफिक के दौरान एक खाली एंबुलेंस को चिल्ला बॉर्डर से मैक्स अस्पताल और फोर्टिस अस्पताल तक ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों रास्तों पर लगभग 12 किलोमीटर की दूरी करीब 10 मिनट में पूरी की गई।हालांकि, यह ट्रायल खाली एंबुलेंस के साथ किया गया था। वास्तविक आपातकाल में यात्रा का समय ट्रैफिक और सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगा।

 

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों, एंबुलेंस संचालकों और इमरजेंसी डिस्पैच सेंटरों को जोड़ा गया है। अस्पतालों तक पहुंचने वाले प्रमुख रास्तों की भी पहचान की गई है, ताकि आपातकाल के समय बेहतर तालमेल के साथ सहायता दी जा सके। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एंबुलेंस दिखाई देने पर उसे तुरंत रास्ता दें। चौराहों पर वाहन खड़े करके रास्ता बाधित न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। ऑपरेशन फास्ट गंभीर मरीजों और सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस और आम जनता के सहयोग से आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।