• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

केदारनाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु, 93 हजार से अधिक ने किए दर्शन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

रुद्रप्रयाग, उत्तराखण्ड


चारधाम यात्रा प्रारंभ हो चुकी है और हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 93,622 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो इस बार यात्रा के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।

शुक्रवार को एक ही दिन में 30,370 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। इनमें 20,442 पुरुष, 9,797 महिलाएं और 131 बच्चे शामिल रहे। साथ ही साथ चारधाम यात्रा 2026 के लिए पंजीकरण का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। अब तक कुल 22,61,664 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 3,79,376, गंगोत्री धाम के लिए 3,91,206, केदारनाथ धाम के लिए 7,98,175, बद्रीनाथ धाम के लिए 6,67,537 और हेमकुंड साहिब के लिए 25,370 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वही अन्य धामों में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शुक्रवार को यमुनोत्री धाम में 31,890 और गंगोत्री धाम में 32,303 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

प्रशासन के अनुसार, बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रा मार्गों और धामों में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और मजबूत किया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण भी जारी है। एक ही दिन में 5,676 श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का अनुभव कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्था किए जा रहे हैं, ताकि यात्रा बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक संचालित हो सके।