• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

19-20 सितम्बर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में जुटेगा प्रबुद्ध समाज; ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ का आयोजन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश

*19-20 सितम्बर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में जुटेगा प्रबुद्ध समाज; ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ का आयोजन*

• 1,000 से अधिक मातृशक्ति की सहभागिता के साथ ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से होगा आयोजन का भव्य शुभारंभ

• ‘युवा सोच, नया भारत’ एवं ‘सृजन संवाद’ विषय पर आयोजित होंगे दो समानांतर विचार-सत्र

• समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख श्री स्वांत रंजन जी का रहेगा मार्गदर्शन

समाज, मीडिया, राष्ट्र और समकालीन विषयों पर सकारात्मक, रचनात्मक एवं सार्थक विमर्श को मंच प्रदान करने वाले वार्षिक वैचारिक महाकुंभ ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के संबंध में आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास, प्रेरणा विमर्श आयोजन समिति एवं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह दो दिवसीय कार्यक्रम आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के परिसर में आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2020 से अनवरत जारी 'प्रेरणा विमर्श' ने देश के विभिन्न स्थानों पर प्रबुद्ध संवाद की परंपरा को सुदृढ़ किया है। इस वर्ष आयोजन की केंद्रीय थीम ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखी गई है।

दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिवस, 19 सितम्बर 2026 (अपराह्न 3:00 बजे) को ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ का शुभारंभ भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, राष्ट्रभाव एवं नारी शक्ति के सम्मान की भावभूमि पर होगा। इस अवसर पर आयोजित भव्य 'नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ' में 108 हवन कुंडों पर 1,000 से अधिक मातृशक्ति यजमान के रूप में सहभागिता करेंगी। इस सत्र में राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका श्रीमती सीता अन्नदानम जी मुख्य वक्ता के रूप में, गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी सुश्री मेधा रूपम जी (IAS) मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति दादू जी अध्यक्षीय रूप में उपस्थित रहेंगी। यह अनुष्ठान नारी शक्ति के सम्मान, सामर्थ्य, स्वाभिमान एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के प्रति संपूर्ण समाज की कृतज्ञता का प्रकटीकरण एवं भव्य अभिव्यक्ति होगा।


आयोजन के द्वितीय दिवस, 20 सितम्बर 2026 को प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक दो समानांतर विचार-सत्र आयोजित किए जाएंगे। सभागार-3 में ‘युवा सोच, नया भारत’ विषय पर युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और रचनात्मक क्षमता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, उद्यमिता, कौशल विकास एवं विकसित भारत जैसे विषयों पर व्यापक मंथन होगा। इस सत्र में आईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल जी, एनडीटीवी की एंकर सुश्री रंजना राठौड़ जी, टाइम्स नाउ-नवभारत की एंकर सुश्री साक्षी मिश्र जी तथा आज तक के एंकर व प्रबंध संपादक (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) श्री सईद अंसारी जी विशिष्ट अतिथि वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे।

इसी समय सभागार-2 में सृजन संवाद के अंतर्गत ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ विषय पर अनुसंधान, शिक्षा, मीडिया, विज्ञान, सुरक्षा, उद्यमिता एवं सामाजिक क्षेत्र में नारी नेतृत्व के विविध आयामों पर प्रबुद्ध संवाद होगा। इस सत्र का संचालन संसद टीवी की एंकर सुश्री दीक्षा कोहली जी करेंगी। इस सृजन संवाद में वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख श्री नरेंद्र ठाकुर जी, प्रसिद्ध योग विशेषज्ञ व योगक्षेम (अयंगर योग संस्थान) की संचालिका सुश्री निवेदिता जोशी जी, डीआरडीओ (DFTM) की निदेशक डॉ. रंजना नल्लमल्ली जी, टीवी टुडे नेटवर्क लि. के प्रबंध संपादक श्री गौरव सावंत जी तथा प्रेरणा विमर्श 2026 के अध्यक्ष व उद्यमी श्री अनिल त्यागी जी विचार-मंथन करेंगे। इस सत्र की मुख्य विशेषता यह होगी कि इसमें मातृशक्ति के साथ-साथ पुरुषों की भी साझी जिम्मेदारी के रूप में सक्रिय सहभागिता रहेगी।

दोनों समानांतर विचार-सत्रों के उपरांत 20 सितम्बर की सायं 3:00 से 5:30 बजे तक सामूहिक भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश के *माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी* तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के *अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख श्री स्वांत रंजन जी* मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस दो दिवसीय महाकुंभ में देशभर से शिक्षाविद्, पत्रकार, वैज्ञानिक, शोधार्थी, युवा उद्यमी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, साहित्यकार एवं प्रबुद्धजन सहभागिता कर रहे हैं। समापन समारोह की गरिमा एवं सुचारू व्यवस्था के दृष्टिगत सभी सहभागियों से दोपहर 2:00 बजे तक सभागार में अपना स्थान ग्रहण करने का विशेष आग्रह किया गया है।"

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में सुचारू व्यवस्था एवं सीमित सीटों के दृष्टिगत सहभागिता हेतु पूर्व पंजीकरण (Registration) करना अनिवार्य है। ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण पूर्ण करने के उपरांत प्राप्त प्रवेशिका (Pass/Entry Badge) के माध्यम से ही कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश स्वीकार्य होगा।

जारीकर्ता

प्रेरणा विमर्श–2026 आयोजन समिति