मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के
मुरादाबाद में महिलाओं का एक स्वयं सहायता समूह अपनी मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई
कहानी लिख रहा है। “मां शारदा स्वयं सहायता समूह” से जुड़ी महिलाएं चावल की स्वादिष्ट कचरी, कुरकुरे और जलेबी आकार के स्नैक्स तैयार कर रही हैं, जिन्हें लोग पसंद कर रहे हैं।
समूह की महिलाएं पहले
चावल को साफ कर उसे भिगोती हैं। इसके बाद चावल को पीसकर अच्छे से पकाया जाता है, ताकि उसमें कच्चापन न रहे। फिर उसे अलग-अलग आकार देकर तैयार
किया जाता है। समूह की अध्यक्ष रजनी बताती हैं कि उनके बनाए उत्पादों की मांग
लगातार बढ़ रही है।
मुरादाबाद के रामपुर
दोराहा स्थित पीतल नगरी गेट पर समूह की दुकान भी है, जहां बड़ी संख्या में
ग्राहक खरीदारी करने पहुंचते हैं। इस काम से जुड़ी महिलाएं हर महीने 8 से 10 हजार
रुपये तक की आमदनी कर रही हैं।
चावल की कचरी का यह
छोटा कारोबार अब महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन गया
है। मेहनत और कौशल के दम पर ये महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक मदद करने के साथ
समाज में नई पहचान भी बना रही हैं।



