फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश
कहा जाता है कि जब
अवसर के साथ मेहनत और आत्मविश्वास जुड़ जाए, तो साधारण इंसान भी असाधारण सफलता प्राप्त कर सकता है। फिरोजाबाद
की एक महिला ने यही सिद्ध किया है। कभी केवल घर की जिम्मेदारियां संभालने वाली यह
महिला आज अपने काम से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है, बल्कि गांव की
दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
फिरोजाबाद के
भौड़ेला गांव की रहने वाली पूनम जैन पहले गृहिणी थीं। शादी के बाद आर्थिक
जिम्मेदारियां बढ़ीं तो उन्होंने भोले बाबा स्वयं सहायता समूह से जुड़कर विभिन्न
प्रशिक्षण लिए। वर्ष 2021 में उन्हें विद्युत सखी के रूप में काम करने का अवसर मिला। शुरुआत
में गांव-गांव जाकर लोगों को बिजली बिल जमा कराने के लिए समझाना आसान नहीं था। कई
बार विरोध और बहस का भी सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धैर्य और ईमानदारी से अपना काम जारी रखा।
आज पूनम करीब 10 गांवों में लोगों के बकाया बिजली बिल जमा कराती हैं। विभाग की ओर से मिली मशीन से वह तुरंत रसीद भी देती हैं। यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल गलत होता है, तो उसे ठीक कराने में भी पूरी मदद करती हैं। इसी भरोसे और मेहनत के दम पर वह हर महीने लाखों रुपये के बिजली बिल जमा कराती हैं और इसके बदले उन्हें अच्छा कमीशन मिलता है। उनकी मासिक आय अब करीब 40 से 50 हजार रुपये तक पहुंच गई है। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। मेहनत, लगन और लोगों का विश्वास जीतकर कोई भी महिला अपने परिवार के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक बदलाव ला सकती है।



