बरेली, उत्तर प्रदेश
समाज में बदलाव लाने के लिए
हमेशा बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि सेवा की सच्ची भावना और मजबूत संकल्प की जरूरत होती है। जब
जनप्रतिनिधि अपने पद को जिम्मेदारी मानकर जनता के हित में काम करते हैं, तो उनके प्रयास कई लोगों के जीवन
में नई उम्मीद जगाते हैं। बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा से ऐसी ही एक
प्रेरणादायक पहल सामने आई है, जिसने जनसेवा की नई मिसाल कायम की है।
जानकारी के अनुसार, बिथरी चैनपुर से विधायक
डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने विधायक के रूप में मिले अपने पूरे पाँच वर्षों के वेतन को
समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। इसी धनराशि से एक अत्याधुनिक मोबाइल नेत्र
चिकित्सालय वैन तैयार कराई गई है।
इस वैन का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में हरी झंडी दिखाकर किया। अब यह वैन गाँव-गाँव जाकर लोगों की आँखों की निःशुल्क जाँच करेगी, जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे और दवाइयाँ उपलब्ध कराएगी तथा जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें भी निशुल्क उपचार की सुविधा दिलाई जाएगी।
यह मोबाइल नेत्र चिकित्सालय वैन
बिथरी चैनपुर विधानसभा के लगभग 400 गाँवों तक पहुँचेगी। इसमें आधुनिक मशीनों से
निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार मौके पर ही मुफ्त चश्मे दिए
जाएंगे और आई ड्रॉप्स सहित आवश्यक दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई जाएँगी। इसके अलावा
ग्रामीणों के लिए ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी सामान्य स्वास्थ्य जाँच की सुविधा भी
रहेगी, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर कई
जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि
भविष्य में क्षेत्र के लोगों के लिए एक निःशुल्क नेत्र चिकित्सालय भी स्थापित किया
जाएगा। साथ ही एक चैरिटेबल आई हॉस्पिटल तैयार किया जा रहा है, जहाँ मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र
रोगों के ऑपरेशन आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए पूरी तरह निशुल्क किए जाएंगे।
उनका कहना है कि जनता के टैक्स से मिलने वाला वेतन फिर जनता की सेवा में ही लगना
चाहिए, यही एक जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा
दायित्व है।
सच्ची जनसेवा पद या अधिकार से
नहीं, बल्कि निस्वार्थ सेवा और समाज के
प्रति समर्पण से पहचानी जाती है। जब एक व्यक्ति दूसरों के जीवन में उजाला लाने का
संकल्प लेता है, तो उसका प्रयास पूरे समाज के लिए
प्रेरणा बन जाता है।



