नई दिल्ली
सम्मेलन में देश भर से चयनित उत्कृष्ट कृषक महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा
भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र जी, अखिल भारतीय महिला संयोजिका मंजू दीक्षित जी ने किसान संघ कार्यालय, दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि भारतीय किसान संघ देश का सबसे बड़ा किसान संगठन है। देश के 60 हजार से अधिक गांवों में ग्राम समितियां गठित हैं। जिनमें 42 लाख से अधिक महिला व पुरूष किसान कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। जिसमें लगभग 7 लाख महिला किसान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी है। भारत में बोआई, रोपाई, कटाई, खरपतवार नियंत्रण और पशुपालन जैसे 60 से 80 प्रतिशत कृषि कार्यों को महिलाएं ही संभालती है। इसलिये हम कह सकते हैं कि वे कृषि की वास्तविक संचालक व रीढ़ हैं।
महिला किसान पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक कृषि ज्ञान, देशी बीजों के संरक्षण व जैव विविधता को बचाए रखने में सबसे अहम
भूमिका निभा रही हैं। गौ कृषि वाणिज्यम की संकल्पना को मूर्तिरूप देने, रसायनमुक्त अन्न के लिये “गौ आधारित जैविक खेती व प्राकृतिक खेती” को
धरातल पर उतारने और परिवार व समाज के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में महिलाओं की
अग्रणी भूमिका है।
कृषि, दुग्ध उत्पादन व ग्रामीण हस्तशिल्प के
माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि अब कृषि प्रबंधन व निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी सक्रिय
भागीदारी निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र संघ ने
अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किया है। भारतीय किसान संघ भारत में महिला
किसानों की प्रतिष्ठा को समाज में किसान के रूप में स्थापित कराने, कृषि कार्य की चुनौतियों को उजागर करने के लिये अखिल भारतीय महिला
किसान कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। सम्मेलन का आयोजन 30 सितंबर 2026 को इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में
होने वाला है। जो प्रातः 9.00 बजे से प्रारंभ होगा। जिसमें देश भर के
सभी राज्यों की महिला किसान कार्यकर्ता सम्मिलित होंगी।
उत्कृष्ट महिला किसानों का होगा सम्मान
सम्मेलन के दौरान कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में विशेष योगदान देने वाली देश भर की चयनित महिला किसानों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया जाएगा -
1. गौ आधारित जैविक एवं प्राकृतिक
खेती
2. देशी बीज संरक्षण एवं विविधता
3. पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन
4. खाद्य प्रसंस्करण एवं ग्रामीण रोजगार
प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय उपाध्यक्ष सुशीला विश्नोई
जी, अखिल भारतीय मंत्री वीणा सतीश जी
उपस्थित रही।



