• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

पेड़ों के कटान से आहत मन ने लिया प्रण, लगाए दो लाख पौधे

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

प्रकृति प्रेम के चलते फिरोजाबाद के कांच के प्रमुख कारोबारी मुकेश बंसल टोनी के मन में पर्यावरण संरक्षण का जुनून जन्म लेता है। और उस लगाव का परिणाम आज चहुंओर दिखायी दे रहा है। वह पिछले दो दशकों से कांच की धाक जमाने वाले शहर में अपने कारोबार के साथ-साथ जन सरोकार से भी निष्ठा से जुड़े हुए हैं। इसी क्रम में वह पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के लिए गत दो दशकों में लगभग दो लाख से अधिक पौधे रोप चुके हैं।

हाइवे और प्रमुख मार्गों के किनारों पर उनके लगाए पौधे आज वृक्ष बनकर पर्यावरण की सेहत दुरुस्त कर रहे हैं। इस सराहनीय प्रयास के लिए मुकेश बंसल टोनी को केंद्र व प्रदेश सरकार से कई पुरस्कार मिल चुके हैं। वर्ष 2002 में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा जिले की सीमा में हाइवे निर्माण के दौरान पर्यावरण को नुकसान हुआ, उसे देखकर उनके मन में पीड़ा हुई। तब उन्होंने प्रण लिया कि अब प्रकृति संरक्षण को अपना ध्येय बनाएंगे। इस तरह उन्होंने अब तक करीब दो लाख पौधरोपण में सहयोग कर चुके हैं।

वह हाइवे के अलावा औद्योगिक संस्थान, कारखाने, फैक्ट्री, स्कूल, कॉलेज, गांवों, मंदिर व पार्कों में हर वर्ष पौधे लगवाते रहे हैं। इन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लोगों को सौंपी जाती है। यह सिलसिला हर साल पहली वर्षा के बाद शुरू हो जाता है। लोगों को नि:शुल्क पौधों का वितरण कर  उनके सहयोग से पौधे रोपे जाते हैं। इस तरह उद्यमी, निर्यातकों के साथ-साथ वन विभाग, उद्यान विभाग, उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग यह कार्य निरंतर जारी है। और आज उनके प्रयास से जिले की हरियाली में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।