• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

उत्तराखण्ड बना आस्था का केंद्र, चारधाम में भारी भीड़

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

उत्तराखण्ड में चल रही चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे सभी धामों में रौनक बनी हुई है।

3 मई 2026 को यमुनोत्री धाम में 8,669, गंगोत्री धाम में 8,310, केदारनाथ धाम में 23,784 और बद्रीनाथ धाम में 17,037 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस तरह एक ही दिन में कुल 57,800 यात्री चारों धामों में पहुंचे। अब तक यमुनोत्री और गंगोत्री में करीब 1-1 लाख, केदारनाथ में 3 लाख से ज्यादा और बद्रीनाथ में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। कुल मिलाकर चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या साढ़े 6 लाख के पार पहुंच चुकी है। इसी बीच 23 मई से गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट भी खुलने जा रहे हैं। यात्रा को सुचारु बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

भारतीय सेना के जवान और गुरुद्वारे के सेवादार मिलकर भारी बर्फ हटाकर रास्ता तैयार कर रहे हैं। करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस पवित्र स्थल तक पहुंचने के लिए हर साल बर्फ काटकर रास्ता बनाना पड़ता है। जिला प्रशासन, उत्तराखण्ड सरकार और हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं। हेमकुण्ड साहिब को उत्तराखण्ड का पांचवां धाम भी माना जाता है, और कपाट खुलते ही यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।