• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

रक्षाबंधन पर धामी सरकार का बड़ा उपहार, महिलाओं को 2 दिन मिलेगी रोडवेज में नि:शुल्क यात्रा

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

देहरादून, उत्तराखण्ड

रक्षाबंधन के मौके पर उत्तराखण्ड की महिलाओं को धामी सरकार ने बड़ी राहत दी है। इस बार बहनें भाई को राखी बांधने के लिए दो दिन तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था पहली बार दो दिनों के लिए लागू की है। उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अनुसार, 28 और 29 अगस्त को राज्य की सीमा के अंदर सफर करने वाली महिलाओं से बस का किराया नहीं लिया जाएगा। यह सुविधा साधारण बसों के साथ-साथ सीएनजी, वोल्वो और एसी बसों में भी लागू होगी।

पहाड़ से मैदान तक बहनों को राहत

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार के पास जाती हैं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों से देहरादून, हल्द्वानी और दूसरे शहरों तक आने-जाने में समय लगता है। ऐसे में एक दिन की बजाय दो दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं को काफी सहूलियत होगी। उत्तराखण्ड परिवहन निगम के जीएम संचालन क्रांति सिंह के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में आने-जाने वाली महिलाओं के लिए एक ही दिन में यात्रा पूरी करना मुश्किल होता है। इसी को देखते हुए दो दिनों तक निशुल्क यात्रा का निर्णय  लिया गया है। इसके लिए सभी डिपो के एआरएम को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

राज्य की सीमा तक ही मुफ्त यात्रा

यह सुविधा केवल उत्तराखण्ड की सीमा के अंदर लागू होगी। उदाहरण के तौर पर हल्द्वानी से दिल्ली जाने वाली महिला को उत्तराखण्ड की सीमा तक किराया नहीं देना होगा, जबकि राज्य से बाहर की यात्रा का किराया देना पड़ेगा। रक्षाबंधन के बाद परिवहन निगम निशुल्क यात्रा का बिल शासन को भेजेगा और शासन स्तर से इसका भुगतान किया जाएगा।

यह निर्णय  रक्षाबंधन पर घर जाने वाली बहनों के लिए राहत के साथ-साथ महिला सुविधा और सम्मान की दिशा में धामी सरकार की एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।