लखनऊ, उत्तर प्रदेश
होली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की जनता को बड़ी राहत दी है। जी हां, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी के लिए भारी राशि जारी कर लोगों के त्योहार को और खुशहाल बनाने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के लिए 1500 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इससे प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को लाभ मिलेगा। बता दें मुख्यमंत्री योगी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को यह सब्सिडी दी गई। इस मौके पर उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई दी और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
उज्ज्वला परिवारों को बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी जी की उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को पहले ही मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। इसके अलावा केंद्र सरकार हर सिलेंडर पर करीब 335 रुपये की सब्सिडी देती है, जो सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में जाती है। साल में नौ सिलेंडर सब्सिडी दर पर मिलते हैं। सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने यह भी तय किया है कि दीपावली और होली से पहले हर उज्ज्वला परिवार को एक-एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा, ताकि कोई भी परिवार त्योहार के समय परेशानी में न रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट रुप से कहा कि सरकार का लक्ष्य हर परिवार तक सुविधा पहुंचाना और युवाओं को रोजगार देना है। गैस सिलेंडर सब्सिडी का यह निर्णय न केवल त्योहारों में राहत देगा, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन को भी आसान बनाएगा।



