स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर रोजगार भारती की बैठक ग्रेटर नोएडा में
ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में रोजगार भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ 23 मई को हुआ, जबकि 24 मई को दोपहर तक विभिन्न विषयों पर मंथन और मार्गदर्शन का कार्यक्रम चला। बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना तथा समाज को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा।
रोजगार भारती, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का समवैचारिक संगठन है, जो स्वदेशी रोजगार, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले और पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार जी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा आज आवश्यकता इस बात की है कि देशवासी स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और भारतीयों द्वारा निर्मित वस्तुओं का अधिक उपयोग करें।
उन्होंने कहा स्वरोजगार ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। रोजगार भारती का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा हो और उसे रोजगार की दिक्कत का सामना न करना पडे और इसलिए संगठन युवाओं और महिलाओं को उनकी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। महिलाओं को मेहंदी, सिलाई, ब्यूटी पार्लर, फैशन डिजाइनिंग और अन्य कौशल आधारित प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं साथ ही मुद्रा लोन और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
संगठन का मानना है कि स्वरोजगार ही युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है।
बैठक में क्षेत्र के सम्पर्क प्रमुख हरीश रौतेला और प्रमोद शर्मा, क्षेत्र कार्यवाह प.उ.प्र. क्षेत्र किशोर खन्ना, अध्यक्ष-रोजगार भारती, प्रमोद चौहान, प्रांत महामंत्री- रोजगार भारती मेरठ प्रांत, उत्तराखंड और ब्रज प्रांत के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। विभिन्न नगरों में व्यवसायों की स्थिति का सर्वे कर नए रोजगार क्षेत्रों की संभावनाएं तलाशने का दायित्व भी कार्यकर्ताओं को सौंपा गया। बैठक में रोजगार मेला, कौशल विकास प्रशिक्षण, चाट-चौपाटी योजना, बार्बर प्रशिक्षण और विशेष रोजगार योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई



