• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

स्वास्थ्य सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है माधव सृष्टि – डॉ. मोहन भागवत जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

माधव सृष्टि आरोग्य केन्द्र का शुभारंभ

इंदौर, 10 अगस्त। माधव सृष्टि के नवीन प्रकल्प आरोग्य केंद्र का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने शुभारंभ किया। यह केंद्र सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में एक नया उदाहरण स्थापित करेगा।

इस अवसर पर सरसंघचालक जी ने कहा कि ये जो कार्य हो रहा हे, प्रत्यक्ष सेवा हो रही है। सशक्त लोगों में सबके जीवन की भावना है, वही धर्म है। समाज का सुख अपना सुख है, अपना सुख अपनों का सुख है। देश भर में स्वास्थ्य सेवा में अनेक उदाहरण सामने आ रहे हैं। संवाद होना चाहिए, आधी बीमारी संवाद से ही दूर होती हे, कैंसर इलाज में हिम्मत बड़ा कार्य करती है।

सस्ती सुलभ सेवा होनी चाहिए। अलग-अलग थैरेपी, अलग-अलग परिवेश, जलवायु एवं विविधताओं पर आधारित उपयोगी होती है। व्यक्तिगत प्रकृति के अनुरूप कस्टमाइज्ड उपचार की व्यवस्था इस प्रकल्प में है। यहां एक छत के नीचे सभी थैरेपी उपलब्ध हैं। सतत सेवा प्रदान होती रहे, यह प्रशंसनीय कार्य है।  हमारी सेवा ऐसी हो जो सेवा लेते हैं, सेवा लेते हुए वह सेवा देने वाला बन जाए। संघ केवल शाखा लगाता है,  बाकी सब स्वयंसेवक ही करते हैं।


आरोग्य केन्द्र का परिचय

यह आरोग्य केंद्र विशेष रूप से कैंसर एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति के उपचार के लिए समर्पित है। इसमें दो भूमिगत तल पर अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ कैंसर का उपचार नाममात्र के शुल्क पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। यहां कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुभवी टीम अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और पद्धति से उपचार सेवाएं प्रदान करेगी। शुरुआती चरण में, मरीजों के लिए कीमोथेरापी एवं पेट सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही, शीघ्र ही रेडिएशन ट्रीटमेंट भी आरंभ किया जाएगा। रेडिएशन उपचार के लिए दो बंकर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप, ठंडे कंक्रीट की मोटी दीवारों से निर्मित किए जा चुके हैं। इसके अलावा, अत्याधुनिक तकनीक से युक्त लाइनेक मशीन शीघ्र स्थापित की जाएगी। कैंसर के उपचार के साथ-साथ, यहां कैंसर की सभी आवश्यक दवाइयां भी किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यह केंद्र कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

आरोग्य केंद्र के एक तल पर ‘प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र’ स्थापित किया गया है, जहाँ महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग यूनिट की व्यवस्था की गई है। एक तल पर आयुर्वेद, होम्योपैथी, योग थैरेपी, न्यूरो थैरेपी, क्रायो थैरेपी, पैलिएटिव केयर, एक्यूपंक्चर एवं एक्यूप्रेशर आदि वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों द्वारा, अत्याधुनिक मशीनों एवं अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, आने वाली पीढ़ी को संस्कारित एवं बुद्धिमान बनाने के उद्देश्य से ‘गर्भ संस्कार केंद्र’ भी स्थापित किया गया है।

आसपास के क्षेत्रों से इंदौर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज हेतु आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए, नाममात्र के शुल्क पर रहने व भोजन की सुविधा भी एक तल पर उपलब्ध कराई जा रही है। यह केंद्र समाज के सभी वर्गों के लिए खुला रहेगा, किंतु आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को प्राथमिकता दी जाएगी। केंद्र का निर्माण एवं संचालन, विभिन्न समाजसेवियों से मिले धन सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल जी सतवानी, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, सिम्बायोटेक फार्मालैब लिमिटेड ने की। साथ ही प्रकाश जी शास्त्री, मालवा प्रान्त संघचालक भी उपस्थित रहे।

प्रकल्प की विस्तृत जानकारी श्री गुरुजी सेवा न्यास के अध्यक्ष मुकेश हजेला ने दी। संचालन का कार्य संदीप जमींदार (मंत्री, श्री गुरुजी सेवा न्यास) ने किया। इस अवसर पर अनेक विशिष्ट जन, जन-प्रतिनिधि, समाजसेवी, सहयोगी, संघ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।