सम्भल, उत्तर प्रदेश
सम्भल के ऐतिहासिक श्रीवंशगोपाल तीर्थ का होगा कायाकल्प, शुरू हुआ 4.5 करोड़ का विकास कार्य
सम्भल के प्राचीन श्रीवंशगोपाल तीर्थ को नए स्वरूप में विकसित करने
की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पर्यटन विभाग की ओर से 4.5
करोड़ रुपये की लागत से तीर्थ के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया
है।
बता दें, सम्भल की तहसील क्षेत्र के थाना हयातनगर के गांव बैनीपुर चक
स्थित श्रीवंशगोपाल तीर्थ पर सोमवार को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। महंत
भगवतप्रिय की अध्यक्षता में पंडित आचार्य शोभित शास्त्री और विशाल शर्मा ने
विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान आरएसएस के
विभाग कार्यवाह छत्रपाल, बीजेपी पश्चिम क्षेत्र के उपाध्यक्ष
राजेश सिंघल समेत कई गणमान्य लोगों ने प्रतीकात्मक रूप से पांच ईंटें रखकर
शिलान्यास किया।
महंत भगवतप्रिय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर
पर्यटन विभाग से 4.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस राशि से तीर्थ परिसर में
यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष, महिलाओं के लिए स्नानघर और ठहरने की
व्यवस्था, शौचालय, बाउंड्री वॉल और भव्य मुख्य द्वार का
निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, प्राचीन तीर्थ का सौंदर्यीकरण भी किया
जाएगा।
श्रीवंशगोपाल तीर्थ को 68 तीर्थों और 19
कूपों की 24 कोसीय परिक्रमा का प्रारंभिक स्थल माना जाता है। मान्यता है कि इसका
उल्लेख भगवान ब्रह्मा ने किया था, इसलिए यह तीर्थ धार्मिक और सांस्कृतिक
दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
वहीं, आचार्य शोभित शास्त्री ने बताया कि भूमि पूजन वेद मंत्रों और धार्मिक
अनुष्ठानों के साथ संतों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर हिंदू सभा के
पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



