• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

संस्कृति और धर्म से जोड़ती है गौमाता पर बनी फिल्म ‘गोदान’

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नोएडा, उत्तर प्रदेश

नोएडा के सेक्टर 18 स्थित डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में गौ माता पर बनी फिल्म गोदान का भव्य प्रीमियर आयोजित हुआ। इस फिल्म के निर्माता हैं- विनोद कुमार चौधरी एवं डॉ. पारुल चौधरी (दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति), सह-निर्माता चेतन गोस्वामी। निर्देशन अमित प्रजापति ने किया है। फिल्म की कहानी को एक बछिया और उसके नायक पर केंद्रित करते हुए बनाया गया है, जो हिंदू धर्म में गाय को विशेष तौर से रेखांकित करती है। फिल्म 6 फरवरी को देश भर में रिलीज होने जा रही है।  इस विशेष अवसर पर सनातन संस्कृति और समाज के प्रतिनिधियों के रूप में देश की जानी-मानी हस्तियों ने गौमाता पर आधारित फिल्म को देखा और इस पर अपने विचार प्रगट किए।

 प्रीमियर में महामंडलेश्वर श्री भैयादास जी महाराज, प्रसिद्ध कवि एवं राम कथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वासयोग एवं आध्यात्मिक गुरु आचार्य प्रतिष्ठा जी, नोएडा के विधायक पंकज सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक अशोक बेरी जी, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी, सह प्रांत संपर्क प्रमुख वेदपाल जी, मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अनिल त्यागी जी, विभाग संघचालक दिनेश जी, दिनेश गोयल जी, सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, गाजियाबाद भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल जी, यथार्थ अस्पताल के प्रमुख डॉ. कपिल त्यागी जी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं सहित, संत समाज के संतगण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग दर्शक के रूप में उपस्थित थे।   



इस अवसर पर डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि यह फिल्म एक बहुत अच्छा प्रयास है जो हमारे देश के युवाओं को गौ माता की उपयोगिता और महत्व को समझाने की दिशा में एक अच्छी पहल है। मैं स्वयं एक गोपालक हूँ, एक बार गौ माता से जुड़कर देखिए जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।    फिल्म के कलाकार सहर्ष शुक्ला ने कहा कि गौ माता पर बनी फिल्म में काम करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। वे स्वयं गाँव की पृष्ठभूमि से जुड़े रहे हैं और उनके घर में भी गाय है। फिल्म के अभिनेता प्रवीण तिवारी ने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से भारतीय सिनेमा में हमारी संस्कृति से जुड़े गाय जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विमर्श स्थापित किया है और यह एक अच्छी शुरुआत है। यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य था जिसे हमारी टीम ने पूरी निष्ठा और लगन के साथ पूर्ण किया है।   फिल्म की गायिका अनन्या सिंह ने कहा कि गौ माता पर आधारित इस फिल्म में उन्हें गौ माता की आरती गाने का अवसर मिला यह है उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुझे लगता है इस फिल्म का जो मुख्य उद्देश्य है वो पूरा होगा, इसके बाद श्रृंखला में बॉलीवुड से ऐसी फिल्में अवश्य बनाई जाएंगी।   नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने फिल्म देखने के बाद कहा कि इस फिल्म ने बहुत अच्छा संदेश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी संस्कृति और परंपरा को बढ़ाने वाली ऐसी अच्छी फिल्म को टैक्स फ्री होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गाय का दूध, घी, गोबर, मूत्र सभी स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में उपयोगी है। हमारी संस्कृति में गाय का महत्व किसी से छिपा नहीं है।   फिल्म देखने वाले युवाओं ने फिल्म को अपनी धर्म संस्कृति और जड़ों से जोड़ने वाला बताया। युवाओं ने स्वीकार किया कि जीवन में धन महत्वपूर्ण है लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए, यह फिल्म हमें बताती है कि किस प्रकार से अपनी जड़ों से जुड़कर आत्म संतुष्टि मिलती है।   फिल्म देखने वाले दर्शकों ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने परिवार के साथ यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए। यह फिल्म हमें हमारी संस्कृति और हमारी पहचान से जोड़ती है। गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हमें प्रेरित करती है।

 

फिल्म के निर्माता विनोद चौधरी का कहना है कि गोदान फिल्म गाय के धार्मिक, वैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं पर प्रकाश डालती है। निर्माता का कहना है कि यह फिल्म संस्कृति और मानवता के बंधन को भी दर्शाती है।