- सीएम योगी के निर्देश पर गाँवों को मिली नई पहचान
- फिरोजाबाद के उरमुरा किरार का नया नाम हरिनगर
- हरदोई के हाजीपुर गाँव का नया नाम सियारामपुर
उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनमें प्रशासनिक निर्णयों के साथ सांस्कृतिक और स्थानीय भावनाओं को भी महत्व दिया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने दो ग्राम पंचायतों के नाम बदलने को मंजूरी दे दी है। जी हां, यूपी पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की दो ग्राम पंचायतों के नाम परिवर्तन को स्वीकृति देते हुए सरकार ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि स्थानीय पहचान, आस्था और जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। चुनावी माहौल में यह निर्णय विशेष महत्व रखता है।
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत उरमुरा किरार का नाम बदलकर हरिनगर और हरदोई जिले के विकासखंड भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम सियारामपुर करने को मंजूरी प्रदान की है। सरकार का यह कदम उसकी सांस्कृतिक पुनर्स्थापना की नीति को दर्शाता है। यूपी सरकार ने इस निर्णय की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से साझा की। पोस्ट में बताया गया कि दोनों ग्राम पंचायतों के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति दे दी गई है। सरकार का यह कदम पारदर्शिता और त्वरित सूचना प्रणाली का उदाहरण माना जा रहा है। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले हरदोई जिले का नाम बदलकर ‘प्रहलाद नगरी’ करने का प्रस्ताव भी सामने आया था। इस संबंध में डीएम कार्यालय की ओर से जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे गए थे। यह पहल प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति के आग्रह पर शुरू की गई थी, जिससे यह विषय और अधिक चर्चा में आ गया था।



