ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश अपनी औद्योगिक ताकत, स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक तकनीक को
वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी उद्देश्य से
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल
ट्रेड शो (UPITS) 2026
के चौथे संस्करण का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पांच दिवसीय ट्रेड शो का उद्घाटन
किया। यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक चलेगा।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी ट्रेड शो में शामिल हो रहे हैं। इसका प्रमुख उद्देश्य उत्तर प्रदेश के निर्माताओं, एमएसएमई, निर्यातकों, कारीगरों, स्टार्टअप और कारोबारियों को देश-दुनिया के खरीदारों से सीधे जोड़ना है, ताकि स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार मिल सकें और प्रदेश में कारोबार के नए अवसर पैदा हों।
इस वर्ष UPITS में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पहली बार पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हो रहे हैं। इन देशों के प्रतिनिधियों के साथ कारोबार, निवेश, तकनीकी सहयोग और नए बाजारों के विस्तार से जुड़े अवसरों पर चर्चा के लिए मंच तैयार किया गया है। ट्रेड शो में B2B बैठकें और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सेक्टोरल सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।
ODOP
के साथ ‘वन
डिस्ट्रिक्ट, वन
कुजीन’
UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश की पहचान और स्थानीय विशेषताओं को खास महत्व दिया गया है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के साथ इस वर्ष ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ (ODOC) को भी प्रमुखता दी गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय खाद्य विरासत और विशिष्ट उत्पादों को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। ट्रेड शो में कृषि, ऑटोमोबाइल, रक्षा, आईटी, स्वास्थ्य, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों के उत्पाद और तकनीक भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी का संगम
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UPITS को उत्तर प्रदेश की परंपरा, विरासत, उत्पादों और तकनीकी क्षमता को दुनिया के सामने रखने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। साथ ही उन्होंने कहा इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को बड़े और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। इस तरह ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की पारंपरिक पहचान और आधुनिक तकनीक, दोनों को एक साथ प्रस्तुत किया जा रहा है।UPITS 2026 उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का एक बड़ा मंच बनकर सामने आया है। ODOP, ODOC, आधुनिक उद्योग, तकनीक, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभा को एक साथ प्रस्तुत करके यह आयोजन प्रदेश की विविध आर्थिक और सांस्कृतिक क्षमता को दुनिया तक पहुंचाने का अवसर दे रहा है।



