• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

उत्तराखण्ड में विकास को नई रफ्तार, धामी सरकार ने प्रस्तुत किया 5 साल का रिपोर्ट कार्ड

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

देहरादून, उत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड में विकास, रोजगार और जनकल्याण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। सरकार ने इस दौरान किए गए विकास कार्यों, युवाओं को रोजगार देने, महिला सशक्तिकरण और जनहित में लिए गए फैसलों की जानकारी जनता के सामने रखी।  

 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2014 से उत्तराखण्ड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पिछले चुनाव में जनता से किए गए अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं और बाकी वादों को पूरा करने के लिए भी काम जारी है।

 युवाओं को रोजगार और नकल पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार के अनुसार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया है। इसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना के तहत 11 हजार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान सरकार की ओर से दिए गए राहत पैकेज का भी जिक्र किया। वर्ष 2021 में पर्यटन, परिवहन और सांस्कृतिक क्षेत्रों के लिए 200 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया गया। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 205 करोड़ रुपये और स्वयं सहायता समूहों और  स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।

कोरोना के कारण माता-पिता दोनों को खोने वाले बच्चों की मदद के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना भी शुरू की गई। आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, डिजिटल कनेक्टिविटी, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड केवल सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों का ब्यौरा नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास और उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को भी दर्शाता है।