अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
यूपा के अलीगढ़ में अवैध रूप से रह रहे 12 बांग्लादेशी नागरिकों को
पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस
ने यह कार्रवाई रोरावर थाना क्षेत्र के हड्डी गोदाम के पास की है। पुलिस के अनुसार,
ये
लोग करीब 30 साल पहले बांग्लादेश से भारत आए थे और तभी से यहां रह रहे थे।
इनके पास से कथित रूप से अवैध तरीके से बनवाए गए आधार कार्ड, वोटर
कार्ड और कई मोबाइल सिम बरामद हुए हैं। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि पुलिस
को अपने स्तर पर इनके अलीगढ़ में अवैध रूप से रहने की सूचना मिली थी। इसके बाद
कार्रवाई की गई। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और बरामद दस्तावेजों की
जांच कराई जा रही है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि इनमें से कई लोग जब भारत आए थे,
तब
बच्चे थे। इनके परिवार के कुछ सदस्यों का जन्म भी भारत में हुआ है। पुलिस को इनके
परिवार और रिश्तेदारों से जुड़ी जानकारी भी मिली है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इनके गांव के कई अन्य लोग अलग-अलग
समय पर भारत आए थे। इनमें से कुछ वापस बांग्लादेश चले गए, जबकि कुछ अभी भी
भारत में रह रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में कुछ मजदूरी और
बेलदारी का काम करते थे, जबकि एक महिला फैक्ट्री में काम करती
थी। पुलिस इनके भारत आने के रास्ते, यहां बसने के तरीके और दस्तावेज बनवाने
में मदद करने वालों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों की तलाश भी की
जा रही है।



