• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

जीवन में कितना भी बड़ा संघर्ष आए, मनुष्यता बनी रहनी चाहिए - डॉ. मोहन भागवत जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

छत्रपति संभाजीनगर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने लेखिका तसनीम पटेल की पुस्तक ‘टॉर्चर्ड ट्रुथ’ का एमजीएम महाविद्यालय के रुक्मिणी सभागार में विमोचन किया। इस अवसर पर मंच पर एमजीएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अंकुशराव कदम, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक इंद्रेश कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता मेहताब खान पठान उपस्थित थे। गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के गायन के साथ हुआ।

लेखिका तसनीम पटेल ने मूल रूप से मराठी भाषा में ‘भाळ आभाळ’ शीर्षक से अपनी आत्मकथा लिखी थी। इसका पहले हिंदी और बाद में अंग्रेजी में अनुवाद किया गया। इसी अंग्रेजी संस्करण का विमोचन सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा, “इस पुस्तक में ईमानदारी दिखाई देती है। जीवन में जब इतना संघर्ष करना पड़ता है, तो व्यक्ति के मन में कड़वाहट आ जाती है। दूसरों के प्रति क्रोध, द्वेष और आक्रोश पैदा होता है। लेकिन इस जीवनचरित्र में ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं देता। लेखिका ने अपना मनुष्यता का भाव बनाए रखा है। जीवन में कितना भी बड़ा संघर्ष आए, लेकिन मनुष्यता बनी रहनी चाहिए”।


उन्होंने कहा कि “हम धर्म के अनुसार जीवन जीते हैं। धर्म का अर्थ रिलिजन नहीं है। रिलिजन अनेक हैं, लेकिन हमारा धर्म वह है, जिसकी व्याख्या संत ज्ञानेश्वर ने अपने पसायदान में की है। वह सत्य और करुणा पर आधारित है। हमारा जीवन इसी धर्म के अनुसार है। कुछ हजार वर्ष पहले जब भारत समृद्ध था, तब दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों के समाज भारतीय संस्कारों और भारतीय आदर्श मूल्यों के अनुसार जीवन जीते थे। वह व्यवस्था समाप्त हो गई, इसलिए आज अनेक देश चिंतित हैं और उन्हें भारत से ही मार्गदर्शन की अपेक्षा है”।


जीवन में भोगे हुए दुःख कृष्ण विवर के समान होते हैं - डॉ. अंकुशराव कदम

एमजीएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अंकुशराव कदम ने कहा, “मैं तसनीम को जानता हूँ। पुस्तक में उनके जीवन का सफर पढ़ा और उस पर प्रतिक्रिया स्वरूप मैंने चार पंक्तियाँ लिखी हैं। भावनाओं पर नियंत्रण न रख पाने वाले लोग ऐसी पुस्तक पढ़ते समय अपने आँसू नहीं रोक पाते। जीवन में भोगे हुए और अतीत में चले गए दुःख कृष्ण विवर (ब्लैक होल) के समान होते हैं। इसी कारण मैंने तसनीम की इस कहानी को ‘कृष्ण विवर’ की संज्ञा दी है”।

इस पुस्तक में लेखिका तसनीम पटेल के बचपन से लेकर उनके संघर्षपूर्ण जीवन की कहानी प्रस्तुत की गई है। एक महिला के रूप में झेले अन्याय, आर्थिक कठिनाइयाँ, सामाजिक उपेक्षा और भेदभाव के साथ ही सभी विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए शिक्षा प्राप्त करने और सफलता हासिल करने तक के उनके संघर्षपूर्ण सफर का वर्णन पुस्तक में किया गया है।