हरिद्वार, उत्तराखण्ड
श्रावण मास में हरिद्वार पूरी तरह भक्ति
और आस्था के रंग में रंगा हुआ है। देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों शिवभक्त कांवड़
लेकर गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। उनके जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय
बना हुआ है।
इस विशाल कांवड़ यात्रा के दौरान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और सेवा भारती के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की
सेवा में पूरी निष्ठा से जुटे हैं। सिंहद्वार हरिद्वार, जटवाड़ा पुल ज्वालापुर और बहादराबाद टोल
प्लाजा के पास सेवा केंद्र चलाए जा रहे हैं, जहाँ शिवभक्तों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक
उपचार,
स्वास्थ्य जांच, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध
कराई जा रही हैं।
इन सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन
लगभग दो से तीन हजार श्रद्धालुओं को किसी न किसी रूप में सहायता मिल रही है।
स्वयंसेवकों के साथ चिकित्सक और फार्मासिस्ट भी सेवाकार्य में सहयोग कर रहे हैं, जिससे जरूरतमंद श्रद्धालुओं को समय पर
चिकित्सा सहायता मिल सके।
सेवा भारती और संघ के कार्यकर्ताओं का मानना है कि समाज की सेवा ही सबसे बड़ा दायित्व है। सेवा से लोगों के बीच विश्वास, आत्मीयता और सहयोग की भावना बढ़ती है, जिससे समाज और अधिक संगठित और मजबूत बनता है। हरिद्वार की पावन धरती पर चल रहा यह सेवाकार्य श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक सहयोग की एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।



