वाराणसी, उत्तर प्रदेश
आस्था, संस्कृति और
भव्यता का अद्भुत संगम एक बार फिर काशी में देखने को मिलेगा। देव दीपावली के पावन
अवसर पर वाराणसी के गंगा घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाने वाले हैं।
इस बार आयोजन को पहले से ज्यादा भव्य, सुरक्षित और
व्यवस्थित बनाने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा से
लेकर नावों की सुरक्षा तक कई बड़े बदलाव किए गए हैं।
बता दें, गंगा में नमो घाट से अस्सी घाट तक
नावों के संचालन के लिए पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसमें आने और
वापस जाने वाली नावों के लिए अलग-अलग रास्ते तय होंगे, जिससे नावों की टक्कर और अव्यवस्था को रोका जा सके।
साथ ही गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट
पर आयोजित होगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी। इस
दौरान सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तटों और शहर के 100 से अधिक
कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे।
इस आयोजन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं
द्वारा तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे, जिससे स्थानीय
महिलाओं को भी रोजगार और सम्मान मिलेगा।
-लेजर शो, ड्रोन शो और
गंगा महाआरती बनेगी आकर्षण
-दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती होगी।
-चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो होगा।
-दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो
आयोजित किया जाएगा।
-काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी
होगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए जाएंगे। घाटों को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। इसके अलावा एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन बनाया जाएगा। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वाड की तैनाती होगी।
शहर को जाम से बचाने के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। वहीं, शहर के अंदर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। काशी की यह देव दीपावली एक बार फिर दुनिया को भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा की खूबसूरती दिखाने के लिए तैयार है। लाखों दीपों की रोशनी, गंगा की लहरें और भव्य आयोजन इस पर्व को यादगार बनाने वाले हैं।



