• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

राष्ट्रीय आजीविका मिशन से मिली महिलाओं को उड़ान

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

रुद्रप्रयाग, उत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार के प्रयास अब स्पष्ट तौर पर नजर आने लगे हैं। खासकर पहाड़ी इलाकों में महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के दम पर नई पहचान बना रही हैं। जब सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलता है, तो बदलाव की कहानी खुद लिखी जाती है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक मिसाल जनपद रुद्रप्रयाग के दूरस्थ क्षेत्र मक्कूमठ में देखने को मिल रही है। बता दें, यहां महिलाओं द्वारा संचालित एक आधुनिक ग्रोथ सेंटर आज ग्रामीण आजीविका का मजबूत आधार बन चुका है। यह केंद्र राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ‘आस्था ग्राम संगठन’ से जुड़ी महिलाओं के सहयोग से स्थापित किया गया है। इस पहल ने महिलाओं को रोजगार देने के साथ-साथ उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास भी दिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्रोथ सेंटर में महिलाएं स्थानीय फलों और प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर माल्टा, संतरा और बुरांश से जूस तैयार कर रही हैं। इसके अलावा आम, मिर्च, लिंगुड़ा और आंवला से अचार बनाकर बाजार में बेच रही हैं। पहाड़ के इन पारंपरिक उत्पादों को अब अच्छी पैकेजिंग और गुणवत्ता के साथ बाजार में नई पहचान मिल रही है।


साथ ही महिलाओं के काम को और मजबूत बनाने के लिए करीब 15 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाई गई है। इस यूनिट से उत्पादन क्षमता बढ़ी है और उत्पादों की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। इसी कारण बाजार में इन उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में इस ग्रोथ सेंटर में 10 महिलाएं नियमित रूप से काम कर रही हैं। वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। अब तक यह समूह लगभग 5 लाख रुपये की आय अर्जित कर चुका है, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास और भी बढ़ा है। वही ब्लॉक प्रशासन भी इस पहल को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में जरूरत के अनुसार और भी ग्रोथ सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को रोजगार मिल सके।

यह पहल न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि पलायन जैसी समस्या को कम करने में भी मददगार सिद्ध हो रही है। आज पहाड़ की महिलाएं अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।