अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
खेल के मैदान में जब कोई खिलाड़ी अपने परिश्रम और लगन से देश का नाम रोशन करता है, तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही कुछ देखने को मिला है, अलीगढ़ के सिरसा गांव में जहां के निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त कर देश का मान बढ़ाया है। जी हां, 14 फरवरी को अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के विन्सटन सालेम में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स टूर चैंपियनशिप में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। गुलवीर ने 13 मिनट 15.84 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता।
इस प्रतियोगिता
में पहला स्थान अमेरिका के एंड्रयू हंटर ने 13 मिनट 10.87 सेकंड के समय के साथ
प्राप्त किया, जबकि दूसरे स्थान
पर केन्या के अब्दिहामिद नूर रहे, जिन्होंने 13
मिनट 11.59 सेकंड में दौड़ पूरी की। गुलवीर का समय कॉमनवेल्थ गेम्स के
क्वालीफिकेशन मानक के अनुरूप बताया गया है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है। कांस्य पदक जीतने
के बाद गुलवीर सिंह ने अमेरिका की धरती पर तिरंगा लहराकर देशवासियों को गर्व का
अवसर दिया। साथ ही जिला क्रीड़ाधिकारी राम मिलन, एसोसिएशन के चेयरमैन पंकज महलवार, अध्यक्ष शमशाद निसार आजमी, सचिव विवेक तथा उनके कोच युनुस खान ने उन्हें शुभकामनाएं दी
हैं। गुलवीर की यह सफलता न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा
है, जो कठिन परिश्रम और
समर्पण से बड़े लक्ष्य प्राप्त करना चाहते हैं।



