• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

विज्ञान मेला विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच को प्रदर्शित करने का मंच – डॉ. रविन्द्र कान्हेरे जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कान्हेरे जी ने सरस्वती शिशु मंदिर (10+2), पक्कीबाग में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा 24वाँ अखिल भारतीय विज्ञान मेला 27, 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी सरस्वती शिशु मंदिर (10+2), पक्कीबाग को प्राप्त हुई है। विज्ञान मेला विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच को प्रदर्शित करने का मंच है। यह विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता, तार्किक चिंतन एवं प्रयोगात्मक ज्ञान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों में पढ़ने अथवा परीक्षाओं में अंक प्राप्त करने का विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन को समझने, समस्याओं का समाधान खोजने और प्रकृति के रहस्यों को जानने की सतत प्रक्रिया है। विज्ञान को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। प्रयोग, अवलोकन, मॉडल निर्माण एवं अनुसंधान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए।

डॉ. रविंद्र कान्हेरे ने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है। इस विज्ञान मेले का ध्येय वाक्य महर्षि पतंजलि का सूत्र “प्रत्यक्षानुमानागमाः प्रमाणानि” है। यह प्रत्यक्ष अनुभव, अनुमान और आगम (प्रमाणित स्रोत) को ज्ञान का आधार मानता है तथा भारतीय वैज्ञानिक परंपरा की विशिष्टता को प्रदर्शित करता है। गणित, खगोल विज्ञान, चिकित्सा एवं धातु विज्ञान के क्षेत्र में हमारे पूर्वजों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह विज्ञान मेला प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ जोड़कर विद्यार्थियों में राष्ट्र गौरव का बोध एवं राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करने में सहायक सिद्ध होगा। विज्ञान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका उपयोग मानवता की सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किया जाए।

इस आयोजन में देशभर से विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों से बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के लगभग 600 चयनित बाल वैज्ञानिक विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान प्रदर्शन, विज्ञान प्रयोग, पत्रवाचन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। साथ ही लगभग 400 संरक्षक आचार्यों सहित कुल 1000 प्रतिभागियों की सहभागिता रहेगी।

इस अवसर पर 28 नवंबर 2026 को विज्ञान वार्ता का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें इसरो त्रिवेन्द्रम में कार्यरत वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. निशंक श्रीवास्तव छात्रों से चन्द्रयान, मंगल मिशन, आदित्य -एल1 आदि विषयों पर संवाद कर उत्साहवर्धन करने का कार्य करेंगे।

विज्ञान मेला में गोरखपुर महानगर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। संपूर्ण प्रतियोगिता में निर्णायक एवं मार्गदर्शक की भूमिका में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर की उपस्थिति रहेगी।