छत्रपति संभाजीनगर
छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित पांचवें पद्म फेस्टिवल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा कि “विकसित भारत का निर्माण करना है, तो इसके लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। देश में राष्ट्रहित के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले असंख्य लोग हैं। इसी कारण देश तेजी से प्रगति कर रहा है। वर्ष 2047 का सशक्त भारत दुनिया को दिशा देने वाला होगा। भारत दुर्बलों को अपने अधीन रखने के लिए शक्तिशाली नहीं होगा, बल्कि उनकी रक्षा करने वाला होगा”।
इस अवसर पर मंच पर सेवानिवृत्त सीडीएस जनरल अनिल चौहान, पद्म फेस्टिवल के अध्यक्ष मिलिंद केळकर, स्वागताध्यक्ष उन्मेश टाकळकर तथा मंगला केंडे उपस्थित थे। उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर दो दिवसीय पद्म फेस्टिवल का उद्घाटन किया।
पांचवें पद्म फेस्टिवल में एयर मार्शल पद्मा बंदोपाध्याय (सेवानिवृत्त), रमेश पतंगे, डॉ. शुभा वी. अय्यंगार, डॉ. बी. एन. गंगाधर, देवेंद्र झाझरिया, भिकल्या लाडक्या धिंडा, श्रीरंग (दादा) लाड, पद्मजा फेणाजी जोगळेकर, डॉ. एन. राजम, फैसल अली डार, चामी मुर्मू, जार्देन लेपचा सहित पद्म पुरस्कार से सम्मानित विभूतियां दो दिवसीय कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी।
डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा, “कोई भी अच्छा परिवर्तन लाना हो, तो आत्मविश्वास होना आवश्यक है। यह आत्मविश्वास उदाहरणों से प्राप्त होता है। किसी एक व्यक्ति के प्रयासों से तुरंत परिवर्तन दिखाई नहीं देता, लेकिन सामूहिक प्रयासों से परिवर्तन संभव होता है। हमारे महापुरुषों ने भी यही करके दिखाया है। उन्होंने इसकी शुरुआत स्वयं से की। संघ का स्वयंसेवक जब समाज में व्याप्त दुःख और समस्याओं को देखता है, तो उनके समाधान के लिए केवल विचार नहीं करता, बल्कि प्रत्यक्ष कार्य शुरू कर देता है। इसके बाद उसे अपने आप समाज से सहयोग मिलने लगता है। हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि देश में गलत कार्य करने वाले लोगों की तुलना में कई गुना अधिक लोग निःस्वार्थ भाव से अच्छे उद्देश्य के लिए कार्य कर रहे हैं। देशभर में प्रवास के दौरान हमें इसका अनुभव होता है। इसलिए अच्छा कार्य करने वाले लोगों को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति के कार्य को नकारात्मक दृष्टि से देखना उचित नहीं, यह आदत है तो छोड़नी चाहिए”।
‘भारत’ केवल एक नाम नहीं, बल्कि हमारी पहचान है - जनरल अनिल चौहान
सेवानिवृत्त जनरल अनिल चौहान जी ने कहा, “आज ‘भारत’ शब्द का उपयोग सर्वत्र बड़े गौरव के साथ किया जा रहा है। पहले भारत को पुराने संदर्भों के आधार पर देखा जाता था, लेकिन आज दुनिया नए भारत का स्वरूप देख रही है। भारत ही हमारी पहचान है। यह शब्द हमारी परंपरा, संस्कृति और साझा इतिहास को दर्शाता है। हमें वर्ष 2047 तक विकसित, सशक्त और सक्षम भारत के निर्माण के लिए कार्य करना है। हमारे पास युवा शक्ति है और उस पर बड़ी जिम्मेदारी है। बाहरी खतरों की तुलना में आंतरिक खतरे अधिक खतरनाक होते हैं। इसलिए हमें सदैव सतर्क रहना होगा। आभासी माध्यमों के जरिए भारतीय एकता और अखंडता को तोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। हमें यह हमेशा याद रखना चाहिए कि जब-जब हमारा समाज आपसी विवादों के कारण विभाजित हुआ, तब-तब विदेशी आक्रमण हुए और हमें गुलामी का सामना करना पड़ा। इसलिए हमारी एकता और अखंडता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है”।



