जोधपुर
देश में बेरोजगारी की चुनौती से निपटने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर मंथन के लिए स्वदेशी जागरण मंच द्वारा तीन दिवसीय अखिल भारतीय अभ्यास वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के 38 प्रांतों के 65 पूर्णकालिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। अभ्यास वर्ग में रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास, आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की रणनीति पर व्यापक विचार-विमर्श होगा।
अभ्यास वर्ग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने की मानसिकता से बाहर निकालकर नौकरी देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में प्रेरित करना है। इसके माध्यम से युवाओं को उनके कौशल और स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल ने कहा कि स्वावलंबी भारत अभियान के माध्यम से युवाओं को नौकरी की मानसिकता से बाहर निकालकर उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लक्ष्य है कि देश का हर युवा अपने कौशल के आधार पर रोजगार सृजित करे और भारत बेरोजगारी मुक्त बने।
सह-संगठक सतीश कुमार ने कहा कि स्वदेशी मेले, उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन, युवा संवाद और जनजागरण अभियानों के माध्यम से स्वदेशी विचार को देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जाएगा।
स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश बंसल ने गांव-गांव तक स्वदेशी की मुहिम पहुंचाने का आह्वान किया। स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना और बदलते वैश्विक आर्थिक परिवेश में भारत को आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है।
आर्थिक सुरक्षा से लेकर संगठनात्मक प्रशिक्षण तक
अभ्यास वर्ग में आर्थिक सुरक्षा, वैश्विक एवं राष्ट्रीय आर्थिक चुनौतियों, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ धर्मेंद्र दुबे के अनुसार, आगामी वर्ष में स्वदेशी कार्यक्रमों की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। उद्घाटन सत्र में अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख डॉ. दीपक शर्मा, सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। अभ्यास वर्ग में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।



