• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

योगी की पाती’: युवाओं को ज्ञान और संकल्प से आगे बढ़ने का संदेश

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और युवाओं के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी। उन्होंने भगत सिंह के साहस, राष्ट्रप्रेम और अध्ययनशील जीवन को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान, मेहनत और मजबूत संकल्प के साथ युवा अपने जीवन के साथ-साथ समाज और देश को भी नई दिशा दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल 23 वर्ष की उम्र में भगत सिंह ने देश की स्वाधीनता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी जयंती हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और संकल्पों को नए उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने युवाओं से भगत सिंह के साहस, राष्ट्रनिष्ठा और संघर्ष से सीख लेने का आह्वान किया। ‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने जाति-पाति, नशे और दूसरी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भगत सिंह के अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर समाज को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने भगत सिंह के अध्ययनशील जीवन का उल्लेख करते हुए युवाओं को लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह को पढ़ने और नई चीजें जानने में विशेष रुचि थी तथा वे हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी सहित कई भाषाओं से परिचित थे। उन्होंने युवाओं से कहा कि ज्ञान को अपनी ताकत बनाएं, सवाल पूछें, नए विचारों को समझें और अपनी जिज्ञासा को हमेशा जीवित रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदल सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विभिन्न अवसर और सहयोग उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और स्टार्टअप नीति जैसी पहलों का उल्लेख किया, जिनके माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार सृजन और नए उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को ज्ञान एवं अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक किताब किसी युवा के जीवन में नया विचार पैदा कर सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है।