लखनऊ, उत्तर प्रदेश
इस दिवाली खुशियों के साथ आत्मनिर्भरता की रोशनी भी फैलेगी। जी हां, उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के
प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के
सभी मण्डलों में दीपावली मेले आयोजित करने जा रही है। इन मेलों में दिव्यांगजनों
द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उनकी बिक्री भी होगी। इससे
उन्हें अपने प्रतिभा को आगे बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पाने में मदद मिलेगी।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों
द्वारा तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाना
है। इन मेलों के माध्यम से वे अपने उत्पादों का प्रचार कर सकेंगे, नए ग्राहक बना सकेंगे और अपनी आमदनी
बढ़ाने का अवसर पाएंगे।
बता दें,
प्रदेश के लखनऊ मण्डल को छोड़कर अन्य प्रत्येक मण्डल में दीपावली
मेले के आयोजन के लिए तीन लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, लखनऊ मण्डल के लिए सात लाख रुपये का
बजट तय किया गया है।
विभाग ने सभी मण्डलों के उपनिदेशकों और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को मेले की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, शेष मण्डलों और जनपदों से आयोजन संबंधी प्रस्ताव जल्द भेजने को कहा गया है।



