दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दिल्ली प्रान्त के संघ शिक्षा वर्ग – स्कूल विद्यार्थी का समापन समारोह बुधवार 24 जून 2026 को पूर्ण प्रज्ञा पब्लिक स्कूल, वसंत कुंज में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र प्रचारक जतिन कुमार जी मुख्य वक्ता तथा उड़ान की अध्यक्ष एवं निदेशक मधु सूरी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही।
मुख्य वक्ता जतिन कुमार जी ने कहा कि संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने समाज जीवन के अनुभवों के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला था कि भारत का पुनरुत्थान व्यक्ति निर्माण से ही संभव है। इसीलिए उन्होंने दैनिक शाखा के रूप में एक अभिनव पद्धति का विकास किया। जिसके माध्यम से व्यक्ति को शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक तौर पर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार किया जाता है। अब समाज की सज्जन शक्ति के सहयोग से राष्ट्र के लिए समर्पित और संवेदनशील नागरिक तैयार करने की गति बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इसमें सफल नागरिकों द्वारा नागरिक कर्तव्य और शिष्टाचार को अपने जीवन में आत्मसात करने का समय आ गया है। हम सभी के मिलकर काम करने से ही देश आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि शेमरॉक जगत एवं मेक्सफोर्ट स्कूल की पूर्व प्रधानचर्या एवं निदेशक एवं ‘उड़ान’ की वर्तमान अध्यक्ष मधु सूरी जी ने भी संबोधित किया।
युवा ही देश का भविष्य है एवं इनके द्वारा ही देश एवं समाज का निर्माण व नेतृत्व होगा। सम्पूर्ण समाज को अपने जीवन में पंच परिवर्तन – सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, नागरिक कर्तव्य पालन एवं स्वदेशी को अपनाकर उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली प्रान्त संघचालक डॉ. अनिल अग्रवाल जी, संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी सुरेन्द्र राणा जी भी उपस्थित रहे।
संघ शिक्षा वर्ग में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक जीवन का प्रशिक्षण प्राप्त किया अर्थात सबके साथ समरस होकर सबको सहयोग करते हुए निश्चित व्यवस्था अनुसार अपने सभी काम पूर्ण करना। शिक्षार्थियों को पंच परिवर्तन के प्रशिक्षण के साथ ही उनमें संवेदनशीलता एवं सेवाभाव को और विकसित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।