• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

एवरेस्ट विजेता अंकुर रावत की नई विजयगाथा, माउंट कुन की चोटी पर लहराया तिरंगा

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

रुड़की, उत्तराखण्ड

भारतीय सेना के साहसी पर्वतारोही और एवरेस्ट विजेता सूबेदार अंकुर रावत ने लद्दाख की  जांस्कर पर्वत श्रृंखला में स्थित माउंट कुन (7,077 मीटर) पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। उनकी यह सफलता भारतीय सेना की साहसिक परंपरा, अनुशासन और अदम्य संकल्प का प्रतीक मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना के प्री-एवरेस्ट मैसिफ अभियान के तहत सूबेदार अंकुर रावत ने अपने 27 सदस्यीय पर्वतारोही दल के साथ 17 जुलाई को माउंट कुन की चोटी पर एक ही दिन में सफल आरोहण कर अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाई।

इससे पहले वर्ष 2023 में भी सूबेदार अंकुर रावत ने माउंट कुन के सहयोगी शिखर माउंट नून (7,135 मीटर) का सफल आरोहण किया था। उसी अभियान के दौरान उन्होंने एक पर्वतारोही के साहसिक रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर अपने उत्कृष्ट पर्वतारोहण कौशल के साथ सेवा भावना और मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया था।

अपनी इस नई उपलब्धि पर सूबेदार अंकुर रावत ने कहा कि हर पर्वत का अपना स्वभाव और अपनी चुनौती होती है। किसी भी शिखर पर चढ़ने से पहले उसके मौसम और परिस्थितियों का सम्मान करना आवश्यक है। सफलता केवल जोश से नहीं, बल्कि सही तैयारी, धैर्य, अनुशासन और टीमवर्क से मिलती है।

माउंट कुन पर तिरंगा फहराने की यह उपलब्धि न केवल भारतीय सेना के साहस और गौरव को नई ऊंचाई देती है, बल्कि देश के युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है।