• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

दीपोत्सव 2026 की तैयारियां तेज, अयोध्या पहुंचे CM योगी ने किया निरीक्षण

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अयोध्या, उत्तर प्रदेश

अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के लिए सजने-संवरने लगी है। रामनगरी में दीपोत्सव को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। घाटों से लेकर प्रमुख आयोजन स्थलों तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समय से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। 

जी हां, रामनगरी के घाटों, सड़कों और प्रमुख आयोजन स्थलों को सजाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ   अयोध्या पहुंचे और दीपोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रामकथा पार्क पहुंचकर आयोजन से जुड़ी तैयारियों और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने सरयू आरती घाट और तैयार किए जा रहे मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने घाटों, रास्तों और आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, आवागमन, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।


हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में टेका माथा

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।


विकास योजनाओं और दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने यात्री सुविधा केंद्र के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर दीपोत्सव की तैयारियों और अयोध्या में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कृषि मंत्री एवं अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी तैयारियां समय से पूरी हों और आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित तथा भव्य बनाने में कोई कमी न रहे।