• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

सम्भल में अवैध मस्जिद पर चला बुलडोजर

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

 सम्भल, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के संभल में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। बता दें, ऐंचौड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर सकता में मस्जिद के नवनिर्माण को लेकर प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

सबसे पहले राजस्व विभाग की टीम ने जमीन की नपाई की। इसके बाद निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर चार थानों की पुलिस के साथ पीएसी और आरआरएफ के जवान भी तैनात रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रशासन के मुताबिक, गांव में गाटा संख्या 57क की कुल 3.637 हेक्टेयर जमीन के एक हिस्से पर मस्जिद का नवनिर्माण कराया जा रहा था। सरकारी रिकॉर्ड में निर्माण का क्षेत्रफल करीब 130 से 150 वर्ग मीटर दर्ज है। जांच में निर्माण के लिए जरूरी अनुमति नहीं मिलने पर प्रशासन ने इसे हटाने का फैसला लिया। इस मामले में वक्फ संख्या 81 के मुतवल्ली मोहम्मद इरशाद को 23 और 24 अक्टूबर को नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें 28 अक्टूबर को दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था।

बाद में प्रतिनिधियों के अनुरोध पर सुनवाई की तारीख 2 नवंबर तय की गई। इस दिन मुतवल्ली की ओर से खतौनी, वक्फ बोर्ड में पंजीकरण प्रमाण पत्र और तौलियत प्रमाण पत्र पेश किए गए, लेकिन मस्जिद के नवनिर्माण की अनुमति से जुड़ा कोई आदेश नहीं दिखाया जा सका। इसके बाद 4 नवंबर को संबंधित अधिकारियों ने एसडीएम को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। 6 नवंबर को एसडीएम विकास चंद्र ने तहसीलदार को निर्माण हटाने के निर्देश दिए। कार्रवाई के लिए तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने 18 सदस्यीय राजस्व टीम बनाई। इसकी जिम्मेदारी नायब तहसीलदार अरविंद कुमार को सौंपी गई। इसके अलावा 20 सफाईकर्मियों और मनरेगा मजदूरों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।