प्रयागराज,यूपी
परिवार किसी भी समाज की सबसे मजबूत नींव होता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुंब प्रबोधन जैसे प्रयास इसी दिशा में एक प्रेरणादायी कदम हैं। जी हां प्रयागराज में स्थित चिन्मय मिशन सेवा आश्रम में आरएसएस प्रेरित कुटुंब प्रबोधन गतिविधि की दो दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन हुआ। संघ के काशी प्रांत के 21 जिलों और 7 विभागों से लगभग 100 समर्पित कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। सात सत्रों में परिवार में संवाद, संस्कार, परस्पर स्नेह और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. रविंद्र जोशी (अखिल भारतीय संयोजक), श्री ओमपाल जी (संयुक्त क्षेत्र संयोजक) और श्री अशोक उपाध्याय (क्षेत्र संयोजक) ने कार्यकर्ताओं को संघ के दृष्टिकोण से प्रशिक्षित करते हुए वैचारिक और व्यवहारिक दोनों स्तरों पर मार्गदर्शन किया। संघ के संस्कार आधारित समाज निर्माण के उद्देश्य से प्रेरित इस कार्यशाला में केस स्टडी, सामूहिक संवाद, और प्रयोग आधारित अभ्यास के माध्यम से प्रशिक्षण को जीवंत और प्रभावशाली बनाया गया। प्रतिभागियों ने इसे एक “आध्यात्मिक, वैचारिक और व्यवहारिक” अनुभव बताया। समापन सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विचारमंथन समूह की गतिविधियों ने वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों में कुटुंब प्रबोधन को संघ के एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। यह कार्यशाला संघ के संगठित, संस्कारित और सजग समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त प्रेरणा बनी है।