• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

श्रमिकों और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए योगी सरकार के बड़े फैसले

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

श्रमिकों और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए योगी सरकार के बड़े फैसले


लखनऊ, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में श्रमिकों, गरीब परिवारों और युवाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिक कल्याण, कौशल विकास और रोजगार बढ़ाने को लेकर कई बड़े निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा गरीबी की वजह से पढ़ाई से दूर न रहे और युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बाल श्रमिक विद्या योजना को प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत काम करने वाले बच्चों को स्कूल से जोड़कर आर्थिक सहायता दी जाती है। अभी यह योजना 20 जिलों में चल रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल श्रम वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों का पुनर्वास किया जाए और उन्हें शिक्षा से जोड़ा जाए। साथ ही निजी क्षेत्र की मदद से इन बच्चों के कौशल विकास पर भी काम किया जाए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘सेवामित्र व्यवस्था’ को रोजगार और जनसुविधा का अच्छा मॉडल बताते हुए इसे और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। इस व्यवस्था के माध्यम से लोग मोबाइल ऐप, वेब पोर्टल और कॉल सेंटर के माध्यम से घरेलू सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। वही वर्तमान में हजारों सेवामित्र और कुशल कामगार इससे जुड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सरकारी विभागों में भी इस व्यवस्था के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और पारदर्शिता आएगी।

हालांकि बैठक में श्रम विभाग के सुधारों की भी सराहना की गई। बताया गया कि प्रदेश में कारखानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार हुआ है। सरकार ने बड़े शहरों में निर्माण श्रमिकों के लिए आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र विकसित करने के भी निर्देश दिए हैं, जहां श्रमिकों को सहायता, रहने और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कानपुर में प्रस्तावित औद्योगिक श्रमिक प्रशिक्षण संस्थान और छात्रावास योजना को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित युवाओं को तैयार करना समय की बड़ी आवश्यकता है, ताकि प्रदेश के युवाओं को देश और विदेश में बेहतर रोजगार मिल सके।