• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

देश पर संकट के समय शब्दों में संयम व गंभीरता हो : माननीय सुनील आम्बेकर जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

- देवर्षि नारद जयंती पर विश्व संवाद केंद्र चित्तौड़ प्रांत द्वारा कोटा में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित

कोटा : देवर्षि नारद जयंती के उपलक्ष्य में विश्व संवाद केंद्र, चित्तौड़ प्रांत द्वारा श्रीनाथपुरम स्थित शिव ज्योति कॉन्वेंट स्कूल सभागार में प्रांत स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इसमें चित्तौड़ प्रांत के 14 जिलों से चयनित 6 पत्रकारों को नकद राशि व प्रतीक चिन्ह के साथ सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता माननीय सुनील आम्बेकर जी ने पत्रकारिता की भूमिका को रेखांकित किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर जी ने कहा कि देवर्षि नारद भारतीय परंपरा में पत्रकारिता के आदर्श रूप हैं। उन्होंने कहा कि सही समय पर, सही जानकारी देना पत्रकार का कर्तव्य है। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश पर संकट के समय मीडिया को संयम और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। 

राष्ट्रनिर्माण में भाषा, संस्कृति और पत्रकारिता का समन्वय आवश्यक

माननीय सुनील आम्बेकर जी ने कहा कि नया भारत अपनी पुरातन संस्कृति और तकनीक के समन्वय से आगे बढ़ेगा। भाषा के प्रति विश्वास को बढ़ाना समय की मांग है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। 


मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त राजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पत्रकारिता समाज की दशा और दिशा निर्धारित करती है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के दौर में भी भारतीय पत्रकारिता ने नैतिकता का स्तर बनाए रखा है। 

प्रिंट मीडिया की जिम्मेदारी बढ़ी: प्रो. सुबोध कुमार

वीएमओयू के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. सुबोध कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही सामग्री में गुणवत्ता की कमी होती है, जबकि प्रिंट मीडिया में छपे शब्द स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं, इसलिए शब्द चयन में सावधानी अनिवार्य है। शिव ज्योति एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन महेश गुप्ता समारोह के अध्यक्ष रहे। समारोह में कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, अजमेर, चित्तौड़, उदयपुर सहित 14 जिलों से पत्रकारों की भागीदारी रही।

सम्मानित पत्रकारों की सूची

विश्व संवाद केन्द्र के सचिव प्रवीण कोटिया ने बताया कि छह श्रेणियों में निम्नलिखित पत्रकारों को सम्मानित किया गया:

उत्कृष्ट फोटो जर्नलिस्ट: हिमांशु शर्मा (अजमेर)

उत्कृष्ट स्तंभकार: विवेक वैष्णव (चित्तौड़)

प्रिंट मीडिया: क्रिश जायसवाल (छीपाबड़ौद)

डिजिटल मीडिया: मनीष गौतम (कोटा)

महिला पत्रकार: कृतिका शाह (प्रतापगढ़)

कंटेंट क्रिएटर (यूट्यूब): प्रवीण मीणा (इटावा)

कोटा विभाग प्रचार प्रमुख चंद्रशेखर साहू ने बताया कि आवेदन करने वाले सभी पत्रकारों को ई-प्रशस्ति पत्र भेजे जाएंगे। निर्णायक मंडल में शामिल राजेन्द्र लालवानी, एस.पी. मित्तल व कौशल मूंदड़ा का भी सम्मान किया गया।