• अनुवाद करें: |
विशेष

सहनौल की बेटी बनी ‘ड्रोन दीदी’

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

सहनौल की बेटी बनी ‘ड्रोन दीदी’ 

बुलंदशहर के सहनौल की बेटी और सतोहा की बहू से लेकर राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित ‘ड्रोन दीदी’ तक की हेमलता सिंह की यात्रा से हमें एक महत्वपूर्ण प्रेरणा मिलती है कि अवसर जब दरवाजे पर दस्तक दे, तो डर के कारण उसे बंद नहीं करना चाहिए। कभी-कभी एक छोटा-सा निर्णय पूरी जिंदगी की दिशा बदल देता है। हेमलता सिंह चाहती हैं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएँ आगे आएँ, नई चीजें सीखें और अपने पैरों पर खड़ी हों। अगर एक महिला आत्मनिर्भर होती है तो उसका पूरा परिवार मजबूत होता है। 

ड्रोन दीदी हेमलता सिंह कहती है कि ”शुरुआत में मुझे भी लगता था कि ड्रोन चलाना मेरे बस की बात नहीं है। लेकिन फिर मैंने सोचा अगर सीखने का मौका मिला है, तो कोशिश किए बिना पीछे क्यों हटूँ?“

सहनौल के मायके से लेकर बुलंदशहर के खेतों और फिर राष्ट्रीय मंच तक पहुँची हेमलता आज ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं। लेकिन उनकी असली पहचान केवल ड्रोन उड़ाने वाली महिला की नहीं है; वह उस बदलती ग्रामीण महिला की तस्वीर हैं, जो परंपरागत भूमिकाओं से आगे बढ़कर तकनीक को अपने हाथ में लेकर आत्मनिर्भरता का रास्ता बना रही हैं।

आपके भीतर आगे बढ़ने की प्रेरणा कहाँ से आई?

हमारे गाँव की महिलाओं के पास प्रतिभा और मेहनत दोनों हैं, लेकिन कई बार अवसर नहीं मिलता। मुझे लगा कि अगर मुझे कोई नया काम सीखने का अवसर मिल रहा है तो मुझे इसे छोड़ना नहीं चाहिए। परिवार ने भी मेरा साथ दिया। यही मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बनी। 2023 में हेमलता ने फूलपुर में ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी जानकारी हासिल करने के साथ उन्हें यह विश्वास भी हासिल करना पड़ा कि वह इस नई भूमिका को सफलतापूर्वक निभा सकती हैं।

सबसे बड़ी चुनौती क्या थी, तकनीक या लोगों की सोच?

दोनों तरह की चुनौतियां थीं। मशीन नई थी, उसे समझना था। लेकिन उससे भी जरूरी था अपने मन का डर निकालना। लोग पूछते थे कि महिला ड्रोन कैसे चलाएगी? मैंने सोचा कि इसका जवाब बोलकर नहीं, काम करके देना है। यही सोच धीरे-धीरे उनकी ताकत बन गई। 2024 में हेमलता बुलंदशहर की शुरुआती ‘नमो ड्रोन दीदी’ Namo Drone Didis में शामिल हुईं। खेतों में खाद और कीटनाशक का छिड़काव करने वाली यह तकनीक किसानों के लिए समय और श्रम बचाने वाली थी, लेकिन हेमलता के लिए इसका अर्थ इससे कहीं बड़ा था। यह उनके लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया दरवाजा था। उनके पति इस काम में उनका सहयोग करते हैं।

आपके लिए सफलता का अर्थ क्या है?

हेमलता के लिए सफलता केवल आय अर्जित करना नहीं है। ”मैं चाहती हूँ कि गाँव की महिलाएँ यह समझें कि हम केवल घर तक सीमित नहीं हैं। अगर हमें प्रशिक्षण और अवसर मिले तो तकनीक भी सीख सकती हैं और अपना काम भी खड़ा कर सकती हैं।“ अपने तक सीमित सफलता नहीं, बल्कि दूसरी महिलाओं के लिए रास्ता तैयार करना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात ने आपको क्या दिया?

मई 2025 में मुंबई में आयोजित वेब्स 2025 में हेमलता को सम्मानित किया गया। वहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बातचीत की और उनके ड्रोन संचालन के अनुभव के बारे में जाना। उन्हें ₹25,000 की सम्मान राशि भी प्रदान की गई। हेमलता के लिए यह केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं था। यह उस यात्रा की स्वीकृति थी, जो एक छोटे से गाँव से शुरू हुई थी।