• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

अविस्मरणीय होगा प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान, 5 लाख गांवों तक जाएगा पूजित अक्षत, पवित्र नदियों का जल अयोध्या पहुंचना शुरू

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के ठीक पहले देश के पांच लाख गांव में पूजित अक्षत वितरण किया जाएगा। इसकी शुरुआत आज अयोध्या से होगी। अयोध्या कई मलिन बस्ती में पूजित अक्षत को वितरित करने के लिए संबंधित लोगों को जिम्मेदारी दी जायेगी। इसी के साथ भारत के गांव एवं घरों तक अक्षत वितरण पहुंचाया जाएगा। सभी को आगामी 22 जनवरी को उत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय संघ व विहिप के पदाधिकारियों की उपस्थिति में यह अभियान आज शुरू किया जाएगा।

अक्षत वितरण के साथ ही निवेदन पत्र भी दिया जाएगा। पत्र में यह आह्वान किया गया है कि 22 जनवरी को लोग अपने आसपास के मंदिर में उत्सव, भजन, कीर्तन, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ, आरती कर प्रसाद वितरण करें। सभी लोग शाम को घर पर कम से कम पांच दीप जलाकर दीपोत्सव मनाएं। अक्षत वितरण आज से शुरू होकर 15 जनवरी तक चलेगा।

 इसी के साथ ही प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए नेपाल और देश के पवित्र जल स्रोतों से जल एकत्र किया जा रहा है। नेपाल की 16 पवित्र नदियों का जल अयोध्या पहुंच चुका है।

भारत की दस पवित्र नदियों का जल आगामी दस जनवरी तक अयोध्या पहुंच जाएगा। देश की पवित्र नदियां, गंगा, यमुना, गोदावरी, सतलुज, राप्ती, नर्मदा- समेत सभी प्रमुख नदियों का पवित्र जल एकत्र किया जा रहा है। इसके अलावा बद्रीधाम स्थित नारद कुंड, अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के सरोवर का जल भी लाया जा रहा है। बिहार राज्य के गया स्थित फल्गु नदी हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित सूर्य सरोवर एवं राजस्थान के पुष्कर सरोवर का जल भी लाया जा रहा है।