• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

नारी समाज को धारण करने वाली सुदृढ़ शक्ति है, इसलिए नारायणी बन सकती है – शांता कुमारी जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नई दिल्ली 

विज्ञान भवन में आयोजित महिला विचारकों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘भारती – नारी से नारायणी’ के उद्घाटन समारोह में समारोह अध्यक्ष राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वी. शांता कुमारी जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को बहुत महत्व दिया जाता है। नारी समाज को धारण करने वाली सुदृढ़ शक्ति है, इसलिए नारायणी बन सकती है। मंगलाचरण या वेदों के अध्ययन की बात हो या फिर ऑपरेशन सिंदूर, भारत की महिलाओं ने अप्रतिम शौर्य का परिचय हर क्षेत्र में दिया है।


उन्होंने कहा कि महिला विचारकों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन भारती- नारी से नारायणी में हो रहे मंथन से निकलने वाली अमृत धारा को देश भर में पहुंचा कर सही विमर्श स्थापित करना ही कार्यक्रम का उद्देश्य है। भारतीय दृष्टि से होने वाले चिंतन-मनन को कृति रूप में भी स्थापित करना होगा। वेदकाल से ही भारत में नारी का स्थान अत्यंत उन्नत और गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि स्त्री शक्तिहीन नहीं, शक्ति स्वरूपिणी है

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत की महिलाएं परंपरा की ही नहीं, परिवर्तन की वाहिकाएं भी हैं। निर्णय क्षमता, साहस और मेहनत का कोई जेंडर नहीं होता। आज हर क्षेत्र में भारतीय महिलाएं पुरुषों से बेहतर काम कर रही हैं। महिलाओं ने खुद ही अपने लक्ष्य तय करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार, समाज और देश की अपेक्षाएं महिलाएं अवश्य पूरी करें, लेकिन अपने मन की खुशी के लिए भी उन्हें कुछ समय निकालना चाहिए। पूरे परिवार की सेहत का ध्यान रखते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने माताओं से अपील की कि जो माहौल उन्हें नहीं मिला, वह उन्हें अपनी बेटियों को जरूर देकर उड़ने के लिए खुला आकाश देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिलाएं हर क्षेत्र में अपना नाम करें, यह क्षमता उनमें है। अगर वे अपने लक्ष्य स्वयं निर्धारित करें, तो नारी से नारायणी बन जाएंगी। इस सभागार में उपस्थित महिलाओं के चेहरों पर मैं मुसकान देख रही हूं। बड़े और जिम्मेदार पदों पर आसीन महिलाओं को अन्य महिलाओं को आगे बढ़ाने में मदद करनी चाहिए। महिलाओं के उत्थान के लिए बहुआयामी काम करने के लिए राष्ट्र सेविका समिति की प्रशंसा की।

उद्घाटन समारोह में भारतीय विद्वत परिषद की सचिव शिवानी वी. ने कहा कि नारी से नारायणी पवित्र यात्रा है। लोग अक्सर नारी के सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन नारी तो अपने आप में ही ऊर्जा और शक्ति का स्रोत है। भारती- नारी से नारायणी राष्ट्रीय सम्मेलन में हर नारी सशक्तिकरण की बात करने नहीं, बल्कि अपनी शक्ति को जगा कर आत्म-बोध के लिए आई है।

भारत की महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। वे समस्या नहीं, बल्कि ‘अल्टीमेट सॉल्वर’ हैं। शिक्षा का अर्थ सिर्फ अक्षर विद्या नहीं है, बल्कि शक्ति का संस्कार होना चाहिए। दो दिन के इस सम्मेलन में मिलने वाले सुझाव भारत सरकार के संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे।

समारोह में शरण्या की अध्यक्ष अंजू आहूजा, अदम्य चेतना की मैनेजिंग ट्रस्टी तेजस्विनी अनंत कुमार, राष्ट्र सेविका समिति की विजया शर्मा और चारु कालरा ने भी विचार व्यक्त किए। दो दिन के सम्मेलन में आठ विषयों पर चर्चा हो रही है। इस दौरान महिला सांसदों, वाइस चासलरों और साध्वियों के विशेष पैनल भी चर्चा करेंगे।