मेरठ, उत्तर प्रदेश
देश-दुनिया में हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन महिलाओं की उपलब्धियों, उनके नेतृत्व और समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान दिया जाता है। इसी अवसर पर भारत सरकार का महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भी हर साल विशेष कार्यक्रम आयोजित करता है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 8 मार्च को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर की प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसी कड़ी में मेरठ की उभरती महिला शूटर मानसी को भी राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर ‘शक्ति वॉक #SheLeadsBharat’ नाम से एक विशेष कार्यक्रम भी होगा, जो सुबह 7:30 बजे से 10:00 बजे तक कर्तव्य पथ पर आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज में महिलाओं के नेतृत्व, सशक्तिकरण और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का मुख्य कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे दिल्ली कैंट स्थित मानेकशा सेंटर में आयोजित होगा, जिसमें राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देना और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है। मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर की रहने वाली मानसी ने कम उम्र में ही शूटिंग खेल में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके पिता कुलदीप कुमार और माता रेखा ने हमेशा उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मानसी ने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर मेरठ और अपने परिवार का नाम रोशन किया है।
मानसी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी पदक जीत चुकी हैं और वह खेलो इंडिया योजना के तहत प्रायोजित खिलाड़ी हैं। उनकी इसी उपलब्धि को देखते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राष्ट्रीय समारोह में सम्मानित करने के लिए चुना गया है। वर्तमान में मानसी पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से बीएससी स्पोर्ट्स की पढ़ाई कर रही हैं। साथ ही वह मेरठ के रोहटा रोड स्थित मेरठ शूटिंग अकादमी में कोच अभिनव चौहान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
कोच अभिनव चौहान का कहना है कि मानसी बेहद मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं और आने वाले समय में वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकती हैं। मानसी को इस सम्मान की जानकारी नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से ई-मेल के माध्यम से दी गई। मानसी का कहना है कि राष्ट्रपति से मिलना और उनके हाथों सम्मानित होना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। कोच अभिनव के अनुसार मेरठ की बेटी मानसी का राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होना न सिर्फ शहर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।



