• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

नए शैक्षणिक सत्र पर बच्चों और अभिभावकों के नाम योगी आदित्यनाथ जी का प्रेरक संदेश

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

नए शैक्षणिक सत्र पर बच्चों और अभिभावकों के नाम योगी आदित्यनाथ जी का प्रेरक संदेश

मेरे प्यारे बच्चों - नया शैक्षणिक सत्र आरंभ हो रहा है। आप सभी को स्वर्णिम भविष्य की ढेर सारी शुभकामनाएं। नए सत्र में आप अपनी रुचि के विषय, खेल एवं विद्यालय की गतिविधियों में पूरे मनोयोग से हिस्सा लें तथा अपने सपनों में रंग भरें। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कुछ दिन पूर्व मुझे अपने विद्यालय जाने का सौभाग्य मिला, जहां से मुझे जीवन की मूल शिक्षा एवं संस्कार मिले तथा आगे का मार्ग प्रशस्त हुआ। विद्यालय मात्र पढ़ाई का स्थान नहीं, अपितु व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला है।

प्रभु श्रीराम के मर्यादा पुरुषोत्तम एवं भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोगी स्वरूप की प्रथम सीढ़ी उनका गुरुकुल ही था। आप सबके लिए भी शिक्षा इसी कर्तव्यपथ का अभिन्न अंग है। स्वामी विवेकानंद जी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर आप सभी परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ असंभव लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन के लिए खेलकूद तथा योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

 आज का युग तकनीक का है, इसलिए उसका सही उपयोग करना सीखें। स्क्रीन टाइम के स्थान पर एक्टिविटी टाइम पर ध्यान केंद्रित करें। खूब खेलें, खूब पढ़ें।

प्रिय अभिभावकों, कुछ बातें मैं आपसे भी करना चाहता हूं। अपने बच्चों को उत्तम से उत्तम शिक्षा दिलवाने के लिए आप भरपूर प्रयास करते हैं। इसके साथ-साथ अपने आस-पड़ोस के उन बच्चों को शिक्षा के मंदिर तक पहुंचाने का भी संकल्प लें, जो शिक्षा से वंचित हैं। सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं होने के कारण जो बच्चे विद्यालय में प्रवेश नहीं कर पाते और सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं, उनके परिवार वालों को जागरूक करें।

सरकार सुनिश्चित कर रही है कि एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे। 01 अप्रैल, 2026 से 15 अप्रैल, 2026 की अवधि में चलने वाला 'स्कूल चलो अभियान' हमारे इसी संकल्प का प्रतिफल है। विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य तभी पूर्ण होगा जब हर बच्चा पढ़ेगा, हर बच्चा बढ़ेगा।