अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड
सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकार की ‘राह-वीर योजना’ काफी असरदार सिद्ध हो रही है। बता दें, इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह है कि आम लोग बिना डर के आगे आएं और दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करें। वहीं, प्रदेश में अब तक 42 लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए घायलों की मदद की है और उन्हें इसके लिए सम्मानित भी किया गया है। परिवहन विभाग ने इनमें से 30 लोगों को सम्मान दे दिया है। यह लोग हल्द्वानी, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से हैं।
इसके अलावा 12 और लोगों के नाम सम्मान के लिए भेजे गए हैं। इस योजना के तहत जो भी व्यक्ति सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाता है, उसे सरकार की ओर से सम्मान और इनाम दिया जाता है। पहले यह इनाम 11 हजार रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है।इस योजना की शुरुआत 3 अक्टूबर 2021 को हुई थी और 21 अप्रैल 2025 को इसका नाम बदलकर ‘राह-वीर योजना’ कर दिया गया।



