• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

हरिद्वार से नेपाल रवाना हुआ 5 हजार लीटर गंगाजल, पशुपतिनाथ महादेव का होगा अभिषेक

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

भारत और नेपाल के बीच रिश्ता केवल दो देशों की सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों की साझा आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं से भी जुड़ा हुआ है। इसी आध्यात्मिक रिश्ते की एक सुंदर झलक हरिद्वार में देखने को मिली, जहां गंगोत्री धाम के पवित्र गंगाजल से भरा विशाल कलश नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना किया गया। यह परंपरा वर्षों से भारत और नेपाल के धार्मिक संबंधों को मजबूत करती आ रही है।

हरिद्वार में निरंजनी अखाड़े की मां मनसा देवी चरण पादुका से 26वीं दिव्य जल कलश यात्रा को रवाना किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश इस पवित्र गंगाजल को लेकर हरिद्वार पहुंचे थे। पूजा के बाद श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने अपने सिर पर कलश धारण किया और उसे रथ तक पहुंचाया। इसके बाद यात्रा को आगे के लिए रवाना किया गया। इस विशाल कलश की क्षमता लगभग 5 हजार लीटर है। इसमें मौजूद गंगोत्री के पवित्र जल से नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा।


यह यात्रा मुरादाबाद, लखनऊ और गोरखपुर होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंचेगी। इसके बाद 23 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर यह गंगाजल भगवान पशुपतिनाथ को अर्पित किया जाएगा। साथ ही श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी के अनुसार, भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के साथ केदारनाथ को उनके पृष्ठ भाग और नेपाल के पशुपतिनाथ को शिरोभाग के रूप में मानने की धार्मिक परंपरा है।

इस यात्रा को भारत और नेपाल के अटूट सांस्कृतिक संबंधों तथा सनातन धर्म की साझा विरासत का प्रतीक माना जाता है। संतों और श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस पवित्र कलश का स्पर्श करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।