अयोध्या
चौदह कोसी परिक्रमा के अवसर पर अयोध्या आये श्रद्धालु बड़ी संख्या में श्री रामलला विराजमान के दर्शन के लिये श्री राम जन्मभूमि मन्दिर पहुँच रहे हैं। इस सप्ताह अब तक लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किये हैं। मन्दिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूँज रहा है।
गुरुवार को चौदह कोसी परिक्रमा सम्पन्न होने के बाद भी अयोध्या में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी हुई है। परिक्रमा पूर्ण कर श्रद्धालु अपने आराध्य श्री रामलला के दर्शन के लिये पहुँच रहे हैं। प्रतिदिन हजारों रामभक्त दर्शन का लाभ ले रहे हैं।
आस्था और साधना से जुड़ी चौदह कोसी परिक्रमा के लिये देश के विभिन्न भागों से श्रद्धालु अयोध्या आये हैं। सरयू तट, प्राचीन मन्दिरों, कुंजों और गुप्तार घाट से होकर गुजरने वाली इस पदयात्रा के पश्चात श्री रामलला के दर्शन श्रद्धालुओं के लिये विशेष आनन्द का अवसर बन रहे हैं।
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा बलों ने प्रबन्धन तथा सुगम दर्शन के लिये आवश्यक व्यवस्थाएँ की हैं। मन्दिर परिसर और नगर में सुरक्षा के प्रबन्ध किये गये हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।



