• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

ऋषिकेश में मिट्टी का हुनर बना आकर्षण, विदेशी पर्यटक भी सीख रहे पॉटरी कला

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

ऋषिकेश, उत्तराखण्ड

 ऋषिकेश अपनी खूबसूरत वादियों, मां गंगा और योग के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। लेकिन अब यहां की एक और खासियत लोगों को आकर्षित कर रही है। जी हां, ऋषिकेश के एक युवा उद्यमी परम ने इस कला को बढ़ावा देने के लिए अपना पॉटरी स्टूडियो शुरू किया है। खास बात यह है कि यहां भारतीयों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी मिट्टी से चीजें बनाना सीखने पहुंच रहे हैं।

बच्चों को भी सिखा रहे पॉटरी का हुनर

स्टूडियो के संचालक परम का उद्देश्य इस कला को हर किसी तक पहुंचाना है। वह चाहते हैं कि पैसों की कमी किसी के हुनर सीखने के रास्ते में रुकावट न बने। इसी सोच के साथ वह आसपास के अनाथ आश्रमों के बच्चों और गंगा किनारे फूल बेचने वाले बच्चों को भी नि:शुल्क पॉटरी सिखाते हैं। परम के अनुसार, मिट्टी के साथ काम करने से मन को शांति मिलती है और तनाव भी कम होता है। क्लास के बाद लोग काफी अच्छा महसूस करते हैं।

विदेशी पर्यटकों को भी पसंद आ रही कला

इस स्टूडियो में यूरोप समेत कई देशों से आने वाले पर्यटक पॉटरी सीखने पहुंच रहे हैं। विदेशों में पॉटरी सीखने के लिए काफी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि भारत में पर्यटक कम खर्च में इस कला को सीख सकते हैं। यही वजह है कि ऋषिकेश आने वाले विदेशी पर्यटक यहां घूमने के साथ-साथ मिट्टी के बर्तन बनाने का अनुभव भी ले रहे हैं।

यहां पहली क्लास की फीस 1500 रुपये है। यह क्लास करीब 90 मिनट से 2 घंटे तक चलती है। इसमें पॉटरी व्हील और हाथों से मिट्टी के बर्तन बनाना सिखाया जाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि क्लास में बनाई गई चीजें आप अपने साथ घर भी ले जा सकते हैं। इसके अलावा, यहां 5 दिन का कोर्स भी उपलब्ध है, जिसकी फीस 7000 रुपये है। इच्छुक लोग स्टूडियो की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऋषिकेश का यह स्टूडियो न केवल एक पारंपरिक कला को आगे बढ़ा रहा है, बल्कि बच्चों को हुनर सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दे रहा है।