• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

'हर घर तिरंगा' अभियान को जनआंदोलन बनाने का लक्ष्य, 5 करोड़ घरों पर फहराया जाएगा तिरंगा- सीएम योगी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की है। उन्होंने इस वर्ष प्रदेश के 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के गौरवशाली इतिहास से लोगों को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

तैयारियों की समीक्षा, सभी संस्थानों को अभियान से जोड़ने के निर्देश

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश ने इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाकर देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने सभी सरकारी, अर्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, राशन की दुकानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों को अपने भवनों पर तिरंगा फहराने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, MSME इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खण्ड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों और पेट्रोल पंपों के माध्यम से आम लोगों को तिरंगा आसानी से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

तिरंगा रैली से लेकर ‘सेल्फी विद तिरंगा’ तक होंगे कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत पूरे प्रदेश में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम पर रंगोली, प्रकाश सज्जा और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और चौराहों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी, वंदे मातरम् गायन, चित्रांकन प्रतियोगिताएं और अन्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे।

स्वतंत्रता दिवस और काकोरी दिवस गरिमा के साथ मनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ आयोजित किए जाएं। 9 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और स्मृति स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने इन स्थानों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष आयोजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी को केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखण्डता की प्रेरणा के रूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि 14 अगस्त को लखनऊ सहित प्रत्येक जिला मुख्यालय पर विभाजन विभीषिका विषय पर प्रदर्शनी आयोजित की जाए। कार्यक्रमों में पंजाबी, सिंधी और बंगाली समुदाय के साथ विभाजन से प्रभावित परिवारों और बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएं। साथ ही विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में परिचर्चा, संवाद और विचार गोष्ठियों के माध्यम से युवाओं को विभाजन के इतिहास और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाए।