शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम, सामाजिक चुनौतियों और संगठन विस्तार पर होगा मंथन
– शताब्दी वर्ष में अभी तक कुछ प्रांतों में गृह संपर्क अभियान के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंचे
– बैठक में संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी
समालखा (पानीपत), 11 मार्च 2026।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की निर्णय लेने वाली सबसे बड़ी बैठक अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा 13 से 15 मार्च तक समालखा स्थित माधव सृष्टि परिसर में आयोजित होगी। तीन दिन चलने वाली बैठक में देशभर से संघ और संघ प्रेरित संगठनों के कुल 1487 प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी ने माधव सृष्टि परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को दी। इस दौरान उनके साथ मंच पर उत्तर क्षेत्र संघचालक पवन जिंदल जी उपस्थित रहे।
सुनील आंबेकर जी ने बताया कि बैठक का शुभारंभ 13 मार्च की सुबह 9 बजे सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी की उपस्थिति की में होगा। बैठक में संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी, क्षेत्र-प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक तथा संघ प्रेरित 32 संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस समय देशभर में संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम चल रहे हैं। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी योजनाओं पर चर्चा होगी। शताब्दी वर्ष में अब तक देशभर में 10 करोड़ से अधिक घरों तक गृह संपर्क अभियान के माध्यम से पहुंचे हैं। अगले दिनों में शेष प्रांतों में यह अभियान आगे जारी रहेगा। बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। यह कार्यक्रम 1 फरवरी से अगले वर्ष 20 फरवरी तक पूरे देश में चलेंगे और समाज में समरसता के संदेश के साथ आयोजित किया जाएगा।
15 मार्च को बैठक के अंतिम दिन सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी प्रेसवार्ता में बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों की जानकारी देंगे तथा पत्रकारों के सवालों के जवाब भी देंगे। पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख द्वय नरेंद्र ठाकुर, प्रदीप जोशी उपस्थित रहे।
समसामयिक सामाजिक मुद्दों पर भी होगा मंथन
बैठक में देशभर से आए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभव साझा करेंगे। इन अनुभवों के आधार पर वर्तमान सामाजिक चुनौतियों और परिस्थितियों पर भी विचार- विमर्श किया जाएगा।
बैठक में संघ प्रेरित संगठनों के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी विशेष आमंत्रित के रूप में शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से विश्व हिन्दू परिषद से एडवोकेट आलोक कुमार व मिलिंद परांडे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से डॉ. रघुराज किशोर व आशीष चौहान, सेविका समिति से शांता अक्का व ए सीता, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ आदि के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं।
एक साल में 5500 से ज्यादा नई शाखाएं शुरू
बैठक में संगठन विस्तार पर भी चर्चा होगी। पिछले एक वर्ष में देशभर में 5500 से अधिक नई शाखाएं शुरू होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इसके अलावा संघ से जुड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लगातार रुचि बढ़ रही है। हर साल लगभग 1.25 लाख लोग जॉइन आरएसएस के माध्यम से जुड़ने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं।
शताब्दी वर्ष के दौरान संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी बड़े पैमाने पर होंगे। इस वर्ष देशभर में 97 प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। माधव सृष्टि परिसर में प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
#RSS #RashtriyaSwayamsevakSangh #ABPS #AkhilBharatiyaPratinidhiSabha #PressBriefing #SanghNews #prernamedia



