अवैध धर्मांतरणकारी गैंग को बचाने से बाज आए कांग्रेसी क्रिश्चियन गठजोड़ – विश्व हिन्दू परिषद
नई दिल्ली (जुलाई 30, 2025)। धर्मांतरण व मानव तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो ननों को लेकर विश्व हिन्दू परिषद ने भी प्रतिक्रिया दी है। विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनजातियों के अवैध धर्मांतरण का मामला प्रकाश में आने के बाद सक्रिय कांग्रेसी क्रिश्चियन इकोसिस्टम, मानव तस्करी में लिप्त दो ननों और उनके एक सहयोगी को बचाने और उनको कानूनी चंगुल से छुड़ाने के लिए सक्रिय हो गया है। यह बेहद निंदनीय व चिंताजनक है।
डॉ. जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नारायणगढ़ की तीन आदिवासी लड़कियों के साथ दो नन पाई गईं। संदेहास्पद गतिविधियों के कारण, दुर्ग रेलवे स्टेशन पर स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को बुलाया और पुलिस ने मानव तस्करी तथा अवैध धर्मांतरण के आरोप में दोनों ननों को पकड़ लिया। ये आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। पहले भी कई बार चर्च पर अवैध धर्मांतरण व मानव तस्करी के आरोप लगे हैं। 2018 में रांची के निर्मल हृदय आश्रम से 280 बच्चे गायब होने का समाचार प्रकाश में आया था।
सेवा की आड़ में कई प्रकार की अवैध गतिविधियां पहले भी होती रही हैं। जब भी ये पकड़े जाते हैं, चर्च हमेशा हिन्दू संगठनों पर आरोप लगाता रहा है कि वे इनको जबरन फंसा रहे है। किंतु, हर बार उनके अपराध सिद्ध हुए हैं। एक बार तो उनके झूठे आरोपों पर गृह मंत्रालय ने जांच भी की थी और पाया था कि हिन्दू संगठनों पर आरोप झूठे हैं और चर्च ही अपराधों में लिप्त पाया गया।
उन्होंने कहा कि जब भी चर्च को अवैध गतिविधियों में पकड़ा जाता है, संपूर्ण हिन्दू विरोधी इकोसिस्टम उनके पक्ष में खड़ा होता है। राहुल गांधी और वेणुगोपाल जैसे कांग्रेसी नेता उनके साथ खड़े हो गए हैं। हद तो तब हो गई जब ना सिर्फ संसद परिसर में कुछ कांग्रेसी सांसदों ने इन आरोपी ननों के पक्ष में प्रदर्शन किया अपितु, केरल के कुछ सांसद व राजनेता धर्मांतरणकारी व मानव तस्करी के आरोपियों के साथ खड़े होकर छत्तीसगढ़ सरकार पर उन्हें छोड़ने का दबाव बनाने रायपुर गए।
डॉ. जैन ने चर्च के एक बिशप के इस बयान पर कि नन और पादरियों को अपनी परंपरागत वेश को छोड़, अपने सामान्य कपड़ों में यात्रा करनी चाहिए, उन्होंने पूछा कि वे अपनी पहचान को क्यों छिपाना चाहते हैं? मन में चोर है? मन में पाप है, तभी वे छिपाने का प्रयास करते हैं! वे सेवा की आड़ में अवैध धर्मांतरण और अन्य प्रकार की अवैध गतिविधियों से अपने आप को बचाएं। आपको धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है, अवैध गतिविधियों की नहीं।
क्यों दुराग्रह करते हैं हिन्दू बस्तियों में धर्मांतरण हेतु जाने का! सेवा की आड़ में धर्मांतरण क्यों करते हैं! मैं उनको चेतावनी देना चाहता हूं कि वे मुस्लिम बस्तियों में धर्मांतरण का प्रयास करें तो परिणाम ध्यान में आएगा। हिन्दू उदार है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वह अपने समाज के लोगों को अवैध रूप से धर्मांतरित होने देगा और अपनी बच्चियों और महिलाओं के साथ इस प्रकार के अनाचार होने देगा।
केरल के लोगों को चाहिए कि वे अपने यहां से आने वाली ऐसी ननों को कहें कि वे अपने धर्म का पालन करें, किसी अवैध गतिविधियों में ना लगें। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के कारण केरल की महान संस्कृति पर प्रश्न चिन्ह लगाती हैं।
सभी राजनेताओं और समाजशास्त्रियों से निवेदन करते हैं कि वे चर्च को इन अवैध गतिविधियों से रोकने के लिए दबाव बनाएं और केंद्र सरकार से हम पुनः आग्रह करते हैं वे धर्मांतरण विरोधी केंद्रीय कानून बनाए, जिससे हमारी बच्चियों, व समाज और भोले-भाले अन्य हिन्दू इनके कुटिल षड्यंत्रों के शिकार ना बन सकें।